google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

परिसीमन बिल पर कांग्रेस का हमला, कहा- झारखंड के आदिवासी और ओबीसी अधिकारों से समझौता नहीं

महिला आरक्षण के साथ ओबीसी आरक्षण और नई जनगणना के आधार पर परिसीमन कराने की उठाई मांग

दैनिक समाज जागरण 29.11.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर

जमशेदपुर परिसीमन बिल को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर झारखंड के राजनीतिक और संवैधानिक अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए बिल का विरोध किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन के जरिए झारखंड को विधानसभा सीटों में मिलने वाले वास्तविक लाभ से वंचित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित 28 सीटों को बढ़ाकर 32 करने का प्रस्ताव पर्याप्त नहीं है। आदिवासी आबादी और सामाजिक संरचना के अनुरूप कम से कम 42 सीटें आरक्षित होनी चाहिए।

पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि परिसीमन के नाम पर झारखंड के आदिवासी और अनुसूचित जाति वर्ग के राजनीतिक अधिकारों से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने मांग की कि महिला आरक्षण के साथ ओबीसी आरक्षण और नई जनगणना के आंकड़ों को आधार बनाकर परिसीमन की प्रक्रिया पूरी की जाए।

कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची से लाखों नाम हटाने की कथित तैयारी पर भी सवाल उठाए और कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा जरूरी है। नेताओं ने स्पष्ट किया कि झारखंड के हितों की अनदेखी होने पर कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।

प्रेस वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश पाल मुंजनी, अशोक चौधरी, आनंद बिहारी दुबे, अजय सिंह, विजय यादव, रामाश्रय प्रसाद, नट्टू झा, राकेश तिवारी समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)