google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

संविधान दिवस पर बीडीओ ने पदाधिकारियों और कर्मियों को दिलाई शपथ

संविधान के मूल्यों और लोकतांत्रिक आदर्शों के पालन का लिया संकल्प

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज

टेढ़ागाछ (किशनगंज)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा और सम्मान व्यक्त किया गया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अजय कुमार ने प्रखंड कार्यालय के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को संविधान की प्रस्तावना के प्रति निष्ठा रखने तथा उसके मूल्यों और आदर्शों का पालन करने की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण कार्यक्रम में उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कर्मियों ने देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता बनाए रखने के साथ न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर बीडीओ अजय कुमार ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की मजबूत नींव है। संविधान नागरिकों को अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ उनके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवकों का दायित्व है कि वे संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप अपने कार्यों का निर्वहन करें और आम जनता तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ निष्पक्ष, पारदर्शी तथा संवेदनशील तरीके से पहुंचाएं।

कार्यक्रम के माध्यम से संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और नागरिक कर्तव्यों के पालन का संदेश दिया गया।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)