google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

ग्रेजुएट कॉलेज में मनाया गया संविधान दिवस, अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का दिया संदेश

दैनिक समाज जागरण 26.11.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर

जमशेदपुर ग्रेजुएट कॉलेज के एनएसएस यूनिट एवं राजनीति विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को संविधान दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को भारतीय संविधान के महत्व, नागरिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कॉलेज की प्रभारी प्राचार्या प्रोफेसर प्रतिमा सिन्हा उपस्थित रहीं। उन्होंने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। इसके साथ ही प्रत्येक नागरिक की यह जिम्मेदारी भी है कि वह संविधान में निहित मूल्यों और आदर्शों का सम्मान करे तथा उनका पालन सुनिश्चित करे। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के प्रति जागरूक रहने और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विनय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में भारतीय संविधान के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था की विशेषताओं को सरल शब्दों में समझाया। उन्होंने कहा कि संविधान केवल नागरिकों को अधिकार देने वाला दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक व्यक्ति को उसके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करना एक सशक्त लोकतंत्र की पहचान है। उन्होंने छात्राओं को संविधान की भावना को समझने और उसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर हिंदी विभाग के प्राध्यापक डॉ. राकेश पांडे ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि संविधान का वास्तविक सम्मान तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक अपने व्यवहार और कार्यों में संवैधानिक मूल्यों को अपनाए। संविधान के पालन में अनुशासन की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि नागरिक अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ-साथ नियमों और कानूनों का पालन करें, तो समाज में समानता, सद्भाव और सामाजिक समरसता को मजबूत किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिसर में संविधान से संबंधित पुस्तकों का बुक स्टॉल लगाया गया। इसके साथ ही पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यम से भारतीय संविधान की विशेषताओं, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और संवैधानिक मूल्यों को प्रदर्शित किया गया। छात्राओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर संविधान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। वहीं, हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से छात्राओं एवं शिक्षकों ने संविधान के आदर्शों और नियमों का पालन करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में मुख्य वक्ता डॉ. विनय कुमार सिंह ने उपस्थित सभी शिक्षकों एवं छात्राओं को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। सभी ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को आत्मसात करने तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

पूरे कार्यक्रम का आयोजन एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. सुलेखा कुमारी एवं डॉ. निशा कुमारी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर डॉ. किरण दुबे, डॉ. दीप्ति, डॉ. मुक्ता, डॉ. पूनम रजक, डॉ. शारदा, डॉ. नम्रता, डॉ. सोनी, डॉ. पूर्वा, डॉ. अनामिका, डॉ. कल्याणी, डॉ. उषा, डॉ. सुदीप्ता सहित कॉलेज के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।

कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक पहचान और नागरिक जीवन का मार्गदर्शक है। इसके आदर्शों का सम्मान और पालन करना प्रत्येक भारतीय का नैतिक एवं संवैधानिक दायित्व है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)