समाज जागरण रंजीत तिवारी
रामेश्वर वाराणसी। बहुउद्देशीय किसान कल्याण केंद्र सेवापुरी से किसान को सड़ा हुआ गेहूं का बीज मिलने का मामला सामने आया है। बीज की गुणवत्ता खराब होने से किसान में आक्रोश व्याप्त है। किसान ने कृषि विभाग के उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार, विकासखंड के करधना ग्राम पंचायत निवासी किसान प्रेम नारायण पटेल ने बहुउद्देशीय किसान कल्याण केंद्र सेवापुरी से गेहूं के दो बोरे बीज खरीदे थे। किसान के मुताबिक, दो दिन पूर्व खरीदे गए बीज को जब वह बुवाई के लिए खोलने लगे तो उसमें बीज सड़ा हुआ मिला। इससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस संबंध में सहायक कृषि अधिकारी सेवापुरी अमित कुमार सिंह ने बताया कि संभव है कि बोरी में पानी चला गया हो, जिससे बीज खराब हो गया हो। किसान बोरी लेकर आते हैं तो उसे बदलकर दूसरा बीज उपलब्ध करा दिया जाएगा।
वहीं, खंड विकास अधिकारी गौरव सिंह ने कहा कि केंद्र पर सरकार द्वारा प्रमाणित बीज उपलब्ध कराया जाता है। संभव है कि बीज पानी के संपर्क में आने से खराब हुआ हो। उधर, किसान प्रेम नारायण पटेल का कहना है कि उन्होंने महज दो दिन पहले ही केंद्र से बीज खरीदा था।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.