समाज जागरण/ अनिल कुमार अग्रहरी
डाला/ सोनभद्र। नगर पंचायत डाला बाजार में सभासदों और नगर पंचायत प्रशासन के बीच खींचतान बढ़ती जा रही है। शुक्रवार दोपहर सभासदों ने नगर पंचायत कार्यालय के बाहर जमीन पर बैठकर सांकेतिक धरना दिया और आय–व्यय का ब्यौरा उपलब्ध न कराए जाने पर कड़ा विरोध जताया।
सभासदों ने आरोप लगाया कि 2 दिसंबर 2025 को हुई बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया था कि नगर पंचायत द्वारा पिछले दो वर्षों में प्राप्त राज्य वित्त, अन्य वित्त तथा कुल आय–व्यय का पूरा विवरण सभासदों के सामने रखा जाएगा। साथ ही नगर की समस्याओं जैसे—खम्भों पर लाइट, अलाव की व्यवस्था, सफाई कर्मियों की बढ़ोतरी आदि मुद्दों पर भी चर्चा की गई थी। बैठक में बताया गया था कि कई कार्यों में धनाभाव हो रहा है, इसलिए आय–व्यय का विवरण रखना आवश्यक है।
सभासद विशाल कुमार ने कहा कि “बैठक में स्पष्ट रूप से कहा गया था कि दो वर्ष का आय–व्यय विवरण रखा जाएगा, लेकिन बार–बार मांगने के बावजूद अभी तक कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।”
सभासद अवनीश देव पांडेय ने भी आरोप लगाया कि “बोर्ड बैठक का प्रस्ताव होने के बावजूद भी आय–व्यय का लिखित विवरण नहीं दिया गया। आखिर क्यों जानकारी छिपाई जा रही है?”
सभासद दीक्षा पटेल और बिंदु सिंह ने भी अध्यक्षा पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि तीन दिनों के भीतर विवरण देने की बात कही गई थी, लेकिन समय बीतने के बाद भी कोई जानकारी उपलब्ध नहीं हुई। अधिशासी अधिकारी से मिलने पर उन्होंने कहा कि “लिखित आदेश मिलने पर ही जानकारी उपलब्ध कराई जा सकेगी।”
इस संबंध में अधीशासी अधिकारी अखिलेश कुमार ने बताया कि “प्रस्ताव तो पारित हुआ था, लेकिन आय–व्यय विवरण उपलब्ध कराने के लिए अध्यक्ष महोदया की स्वीकृति आवश्यक है। स्वीकृति न मिलने तक विवरण देना संभव नहीं है।”
नगर पंचायत अध्यक्षा फुलवंती गोड़ से उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
इस मौके पर विशाल कुमार, अवनीश देव पांडेय, संतोष, बलबीर, दीक्षा पटेल, बिंदु सिंह मौजूद रहीं और शबाना खान ने भी सांकेतिक प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



