समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के मैनपुरा इलाके में मंगलवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। यह गोलीबारी मैनपुरा गेट नंबर-44 के पास हुई, जब दोनों युवक कहीं जा रहे थे। घटना में घायल युवकों की पहचान राजा कुमार और रवि कुमार के रूप में की गई है। गोली लगने के बाद दोनों को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान राजा कुमार की मौत हो गई। रवि कुमार की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, रात के समय जब राजा और रवि मैनपुरा गेट नंबर-44 के पास से गुजर रहे थे, तभी बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे। बिना किसी बहस या बातचीत के दोनों ने सीधे गोलीबारी शुरू कर दी। यह पूरी घटना इतनी तेजी से घटी कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश फरार हो चुके थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह एक सुनियोजित हमला प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल की जांच की जा रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस ने यह भी बताया कि गोली चलाने वाले बदमाशों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, लेकिन वारदात की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। राजा कुमार की मौत की खबर जैसे ही उसके घर पहुंची, वहां कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी स्तब्ध हैं कि शहर के बीचोंबीच इस तरह की घटना को अंजाम दिया जा सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पुलिस की गश्त बेहद कमजोर है और यही वजह है कि अपराधी बेखौफ होकर ऐसी घटनाएं कर रहे हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



