वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
सुपौल। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार की टीम ने जिला परिवहन कार्यालय, सुपौल में 15 हजार रुपये रिश्वत लेते डाटा एंट्री ऑपरेटर नन्दलाल महतो को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी कार्यालय स्थित उनके कक्ष से की गई। आरोप है कि महाराष्ट्र से खरीदी गई वैगनआर कार का बिहार में रजिस्ट्रेशन कराने के एवज में उनसे रिश्वत की मांग की जा रही थी।
इस मामले में मधुबनी निवासी मो. अजहर अली ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उन्होंने महाराष्ट्र से वैगनआर कार खरीदकर बिहार रजिस्ट्रेशन के लिए जिला परिवहन कार्यालय, सुपौल में आवेदन किया था। इसके बाद डाटा एंट्री ऑपरेटर नन्दलाल महतो द्वारा रजिस्ट्रेशन नंबर देने के एवज में रिश्वत की मांग की गई।
शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर निगरानी थाना कांड संख्या 112/26, दिनांक 23 सितंबर 2026 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक विन्ध्याचल प्रसाद के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए नन्दलाल महतो को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद आरोपी को विशेष न्यायालय, निगरानी, भागलपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ अब तक 112 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इनमें 103 ट्रैप कांड हैं और कार्रवाई के दौरान अब तक 103 आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। इन मामलों में कुल 37 लाख 37 हजार 800 रुपये रिश्वत की राशि बरामद की गई है। इसके अलावा 37 हजार रुपये कीमत की एक नई वाशिंग मशीन भी बरामद की गई है।
वर्ष 2025 में निगरानी ब्यूरो ने कुल 101 ट्रैप कांड दर्ज किए थे और 37 लाख 80 हजार 300 रुपये रिश्वत की राशि बरामद की थी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



