समाज जागरण/ आदिवासी सुनील त्रिपाठी
सोनभद्र। मेरा युवा भारत, सोनभद्र के तत्वावधान में आज राबर्ट्सगंज स्थित सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल में विकसित भारत युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत लोकसभा के सत्र का आयोजन करते हुए युवाओं को संसदीय कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं समसामयिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करने का मंच प्रदान किया गया।
युवा संसद के दौरान प्रतिभागियों ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर सदन में अपने-अपने वक्तव्य प्रस्तुत किए तथा इस विषय के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रतिभागियों ने लोकसभा की कार्यवाही के अनुरूप सदन में अपनी भूमिका निभाते हुए संसदीय प्रक्रिया का अनुभव प्राप्त किया।
कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष के रूप में श्री अनमोल सोनी उपस्थित रहे। उन्होंने सदन की कार्यवाही का संचालन किया तथा प्रतिभागियों को संसदीय मर्यादाओं एवं सदन की कार्यप्रणाली के अनुरूप अपने विचार रखने का अवसर प्रदान किया।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी सुश्री अनुष्का पांडेय जी एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य सचिन चौधरी जी ने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्र निर्माण एवं विकसित भारत के संकल्प में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के परिणामों के आधार पर प्रथम स्थान पर प्रिया यादव, द्वितीय स्थान पर शिवम पांडेय एवं तृतीय स्थान पर दिव्यांश सिंह रहे। तीनों विजेता प्रतिभागी उत्तर प्रदेश विधानसभा में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद में जनपद सोनभद्र का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना, नेतृत्व क्षमता, तार्किक अभिव्यक्ति, संसदीय परंपराओं की समझ एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
मेरा युवा भारत, सोनभद्र द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा एवं विचारों को अभिव्यक्त करने का अवसर मिला। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, आयोजकगण एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी युवा उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



