google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

सरकारी योजनाओं से वंचित दिव्यांग सगे भाई-बहन, पेंशन के लिए काट रहे दफ्तरों के चक्कर

समाज जागरण/ सन्तोष कुमार

सोनभद्र। विकास खंड बभनी की ग्राम पंचायत बभनी के करमहलटोला निवासी द* दिव्यांग सगे भाई-बहन सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। बचपन से ही दृष्टिबाधित होने के बावजूद उन्हें दिव्यांग पेंशन सहित अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। योजनाओं का लाभ पाने के लिए दोनों सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। करमहलटोला निवासी रामबरन (42) पुत्र देवलाल और उनकी बहन रामधनी उर्फ रायमनी (32) जन्म से ही देख नहीं सकते हैं। रामबरन ने बताया कि पहले उन्हें दिव्यांग पेंशन मिलती थी, लेकिन पिछले तीन वर्षों से पेंशन बंद है। वहीं उनकी बहन रायमनी को आज तक दिव्यांग पेंशन का लाभ नहीं मिला।

दोनों भाई-बहन शत-प्रतिशत दिव्यांगता की श्रेणी में आते हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें निरामया स्वास्थ्य बीमा, डे-केयर और पुनर्वास से जुड़ी योजनाओं का भी लाभ नहीं मिल रहा है। इसके अलावा आवास जैसी बुनियादी सुविधा से भी वे वंचित हैं। रामबरन का आरोप है कि इस संबंध में ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी से कई बार गुहार लगाने के बावजूद उनकी समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सरकार की ओर से पात्र दिव्यांगजनों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए भी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन दोनों भाई-बहन अब तक इसका लाभ पाने से वंचित हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से गुहार लगाते हुए दिव्यांग पेंशन बहाल कराने, बहन की पेंशन स्वीकृत कराने और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी बभनी मनीष सिंह ने बताया कि उन्हें बभनी में कार्यभार संभाले अभी तीन दिन हुए हैं। जल्द ही मामले की जांच कराई जाएगी और दोनों दिव्यांग भाई-बहन की पात्रता के आधार पर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)