वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
जिलाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना से संबंधित जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्य शामिल हुए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत किशनगंज जिला वर्तमान में राज्य स्तर पर अपेक्षाकृत पीछे है। उन्होंने कहा कि पूर्व में स्वीकृत ऋणों की वसूली को लेकर सख्ती बरती जा रही है और किसी भी स्थिति में ऋण को डिफॉल्टर नहीं बनने दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देश दिया कि वे छात्रों को बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना एवं कुशल युवा कार्यक्रम योजना के बारे में जागरूक करें तथा अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता के लिए शैक्षणिक संस्थानों की सक्रिय भूमिका आवश्यक है।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि योजनाओं से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान हेतु सीधे डीआरसीसी प्रबंधक एवं सहायक प्रबंधक से संपर्क किया जाए। साथ ही सभी महाविद्यालय परिसरों में योजनाओं से संबंधित बैनर एवं पोस्टर लगाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में डीआरसीसी मैनेजर ने जानकारी दी कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत दिया जाने वाला ऋण पूरी तरह ब्याज मुक्त है। ऋण भुगतान के लिए ₹2 लाख तक की राशि पर 84 मासिक किस्तें तथा ₹2 लाख से अधिक की राशि पर 120 मासिक किस्तों में भुगतान की सुविधा दी जा रही है। योजना का लाभ लेने के लिए संबंधित महाविद्यालय से फीस स्ट्रक्चर एवं बोनाफाइड प्रमाण पत्र अनिवार्य है।
बैठक के अंत में जिला प्रशासन ने सभी शैक्षणिक संस्थानों से अपील की कि वे योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग करते हुए अधिक से अधिक छात्रों को इसका लाभ दिलाएं।



