वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
15 जून। शहर के स्थानीय लक्ष्मी नारायण मंदिर प्रांगण में रविवार को किशनगंज माहेश्वरी सभा के सत्र 2026-27 की जिला बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गोविंद बिहानी ने की। इस दौरान आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई तथा संगठन के नए सत्र के लिए चुनाव भी संपन्न कराए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि महेश नवमी महोत्सव के अवसर पर 23 जून को प्रातः प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रभात फेरी शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जेपीटी गोला, एनएच-27 तक जाएगी। इसके उपरांत भगवान शिव का अभिषेक, ज्योत प्रज्वलन, आरती एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
इसके अलावा 28 जून (रविवार) को संध्या समय महेश नवमी महोत्सव के तहत भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें समाज के प्रतिभाशाली कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
बैठक के दौरान संगठनात्मक चुनाव भी संपन्न हुए। सर्वसम्मति से मुरारी मंत्री को किशनगंज माहेश्वरी सभा का अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। मुरारी मंत्री पूर्व में बिहार-झारखंड माहेश्वरी सभा के सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वे समाजसेवा के प्रति समर्पित, कुशल एवं मिलनसार व्यक्तित्व के धनी हैं तथा सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुरारी मंत्री को किशनगंज माहेश्वरी महिला मंडल, युवा मंडल एवं समाज के सभी सदस्यों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में सभा सामाजिक, धार्मिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा प्रदान करेगी।
बैठक में प्रमुख रूप से शंकरलाल माहेश्वरी, प्रदीप मंत्री, प्रदीप मुधंडा, सुबोध माहेश्वरी, मनोज बिहानी, मनोज माहेश्वरी, शरद मुंदड़ा, आनंद चितलांगिया सहित महिला मंडल एवं युवा मंडल के सदस्य उपस्थित थे। अंत में समाज की एकजुटता, संगठन की मजबूती एवं आगामी कार्यक्रमों की सफलता के लिए सभी ने सामूहिक संकल्प लिया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



