google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

जिला पदाधिकारी ने शतरंज के विकास की बनाई कार्ययोजना, उत्कृष्ट विद्यालय व सहयोगी हुए सम्मानित

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
6 अगस्त। जिला पदाधिकारी सह जिला शतरंज संघ के पदेन अध्यक्ष नवीन कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला शतरंज संघ की वार्षिक आम बैठक एवं समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में शतरंज खेल के विकास, विद्यालयों में प्रशिक्षण कार्यक्रमों के विस्तार तथा संघ की भावी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में महासचिव शंकर नारायण दत्ता, वित्तीय सचिव संजय कुमार सुराना एवं आयोजन सचिव कमल कर्मकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 का सीए द्वारा ऑडिटेड आय-व्यय एवं लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। इसके बाद पुरानी कार्यकारिणी समिति को भंग कर दिया गया।


जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने संघ की लगभग 30 वर्षों की गतिविधियों पर संतोष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के हित में दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने सरकारी एवं निजी विद्यालयों में ‘चेस इन स्कूल’ कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को शतरंज प्रशिक्षण से जोड़ने पर विशेष बल दिया।


बैठक में खेल भवन में शतरंज प्रतियोगिताओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए एलईडी स्क्रीन सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाओं पर चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी ने जिला शतरंज संघ को खेल पदाधिकारी के माध्यम से विस्तृत प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक में एसजीएफआई (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। अभिभावकों द्वारा खिलाड़ियों के भविष्य एवं करियर संबंधी प्रश्नों पर खेल पदाधिकारी एवं जिला शतरंज संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए बिहार सरकार की विभिन्न प्रोत्साहन योजनाएं संचालित हैं, जिनका लाभ लेकर खिलाड़ी सरकारी सेवाओं सहित अन्य क्षेत्रों में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं।


इस अवसर पर ‘चेस इन स्कूल’ कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग देने वाले ओरिएंटल पब्लिक स्कूल, बेथल मिशन स्कूल, ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेंट जेवियर्स स्कूल रूईधासा, किडजी, माउंट लिटेरा जी स्कूल, स्पीड किड्स, इनसाइट पब्लिक स्कूल, मिल्लिया कॉन्वेंट इंग्लिश स्कूल, लिटिल क्लाउड स्कूल सहित अन्य विद्यालयों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही संघ के सक्रिय पदाधिकारियों, सहयोगी प्रायोजकों एवं खेल के विकास में योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।


महासचिव शंकर नारायण दत्ता ने जिला शतरंज संघ के संबंधन नवीनीकरण में उत्पन्न गतिरोध की जानकारी दी। आयोजन सचिव कमल कर्मकार ने बताया कि राज्य शतरंज संघ से समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा, जिसके बाद नियमानुसार नई कार्यकारिणी समिति का गठन किया जाएगा।


बैठक में उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा आदित्य कुमार, त्रिलोक चंद्र जैन, डॉ. राजकरण दफ्तरी, राकेश जैन, विमल मित्तल, दीप कुमार, आलोक कुमार, डॉ. एम. आलम, आसिफ इकबाल, साजिदूर रहमान, सुजय मिश्रा, कमोलिका चक्रवर्ती सारस्वत, सन्नी मजूमदार, जय किशन प्रसाद, फ़ैज़ अहमद, अजय तिर्की, रचना कुमारी, मोनिका प्रसाद, असगर वालीउल्लाह, वर्षा राई, उमेश कुमार राय, सुधांशु सरकार, निरोज खान, रोहन कुमार, बापी चंद्र बनिक, रौनक कुमार, देव कुमार ठाकुर, राजकुमार साह, अमन कुमार गुप्ता सहित जिला शतरंज संघ के पदाधिकारी, खिलाड़ी, अभिभावक एवं विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)