वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
6 अगस्त। कोचाधामन प्रखंड की ग्राम पंचायत राज डेरामारी में स्थापित अधिकांश सोलर स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं। इससे रात के समय ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत के मुखिया शाहबाज आलम ने इस संबंध में जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए शीघ्र मरम्मत की मांग की है।
मुखिया ने बताया कि खराब सोलर स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के लिए कई बार संबंधित कंपनियों जीईआईई प्राइवेट लिमिटेड एवं फोटोनिक्स वाटरटेक प्राइवेट लिमिटेड को लिखित और मौखिक रूप से सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि दोनों कंपनियां रखरखाव की जिम्मेदारी का समुचित निर्वहन नहीं कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर रोशनी और सुरक्षित आवागमन के उद्देश्य से सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं, लेकिन रखरखाव के अभाव में अधिकांश लाइटें शोपीस बनकर रह गई हैं। इससे सरकारी योजना का उद्देश्य भी प्रभावित हो रहा है और ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
मुखिया शाहबाज आलम ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मामले की जांच कराते हुए सभी खराब सोलर स्ट्रीट लाइटों की अविलंब मरम्मत कराने तथा रखरखाव में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



