वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
किशनगंज। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना से आई विशेष निगरानी विभाग की टीम ने शुक्रवार को आईसीडीएस की प्रभारी डीपीओ अनीता कुमारी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद विभागीय हलकों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रभारी डीपीओ को डुमरिया भट्टा रोड स्थित उनके किराए के आवास से गिरफ्तार किया गया। कोचाधामन के सीडीपीओ नागेंद्र कुमार द्वारा विशेष इकाई निगरानी में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पोठिया प्रखंड के सीडीपीओ का प्रभार दिलाने के नाम पर अनीता कुमारी द्वारा 10 लाख रुपये की मांग की जा रही थी।
विशेष इकाई निगरानी टीम के डीएसपी लव कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले का सत्यापन कराया गया। आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर 18 फरवरी 2026 को निगरानी थाना में कांड संख्या 8/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
योजना के तहत निगरानी टीम ने जाल बिछाया और शुक्रवार को अनीता कुमारी को 50 हजार रुपये की घूस लेते हुए उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान उनके घर से चार लाख रुपये से अधिक नकद राशि भी बरामद की गई है। बरामद राशि की गिनती जारी है।
इस कार्रवाई के बाद आईसीडीएस विभाग में चर्चा का माहौल है। निगरानी विभाग की टीम आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।
जिले में इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



