श्रीभूमि जिले के रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र के दूल्लभछड़ बागान मैदान में चायजनजाति और आदिवासी कल्याण विभाग तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 17 वर्ष आयु वर्ग की 2025-26 फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला उत्साह और रोमांच के साथ सम्पन्न हुआ।

फाइनल मैच में गम्भीरा और लालछड़ा की टीमें आमने-सामने थीं। निर्धारित समय तक चले कड़े संघर्ष में गम्भीरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
मैदान में ग्रामीणों और खेल प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे माहौल में उत्सव जैसा उत्साह देखा गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत के साथ हुई, जिसके बाद आयोजकों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिले के खेल भौतिक प्रशिक्षक मिथिश्वर बसुमतारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मैच संचालन की ज़िम्मेदारी रेफरी संजीव कानू, राजेश कूर्मी, सदाम हुसैन, निहार सिन्हा, असित सिन्हा तथा डीएलएमसी समिति के गौरोमणि शर्मा ने निभाई। रामकृष्णनगर लेवल संस्थान की समिति के सदस्यों ने भी आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।
वर्तमान सरकार की “सबका साथ, सबका विकास” की नीति के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में खेल और युवाओं के प्रोत्साहन के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी इस आयोजन से मजबूती मिली है।
गम्भीरा टीम की जीत पर खिलाड़ियों और समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया।

Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



