समाज जागरण रंजीत तिवारी
रामेश्वर वाराणसी।।
जिले के अजोर पट्टी एवं बेनिपुर खुर्द गांव में गुरुवार को अग्रिम किसानों के लिए किसान डायरी भरने का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 37 किसानों ने भाग लिया, जिनमें 21 महिलाएं और 16 पुरुष किसान शामिल रहे।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को फसल उत्पादन की पूरी प्रक्रिया ,खेत की तैयारी, बुवाई, देखभाल, कटाई, मड़ाई, बाजार में बिक्री तथा सभी खर्च और आय का सही विवरण किसान डायरी में दर्ज करने के तरीके के बारे में जानकारी दी गई। यह प्रशिक्षण प्रेजेंटेशन के माध्यम से सरल भाषा में कराया गया, जिससे किसानों को विषय आसानी से समझ में आया।
कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती और रासायनिक खेती से जुड़ी चुनौतियों एवं उनके कारणों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती के बढ़ते महत्व के बारे में बताया गया। प्रशिक्षण के दौरान किसानों ने अपने सवाल पूछकर शंकाओं का समाधान भी कराया।
इस अवसर पर इको प्रिज्म कलेक्टिव फाउंडेशन द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों डेमो प्लॉट, जनरल प्लॉट, पोषण वाटिका, फील्ड कार्य एवं बी आर सी में तैयार किए जा रहे इनपुट्स से संबंधित वीडियो भी दिखाए गए, जिससे किसानों को कार्यों की जानकारी मिली।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से महादेव, सतीश, अखिलेश, रवि, रेखा, मुन्नी, सोमरू, जनार्दन, शिव कुमार, मनेंद्र पाल, गायत्री, चंदा, राजकुमार, अनिल, उषा, गीता, प्रीति सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन रेखा देवी, रितिका सिंह, हरीश पाल एवं संजय पटेल ने संयुक्त रूप से किया।



