वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
किशनगंज अंचल के प्रांगण में 01 फरवरी 2026 को आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में कर्मचारियों ने विभागीय उदासीनता पर नाराजगी जताई और सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
जिला सचिव और राजस्व कर्मचारी संजीत कुमार ने बताया कि बैठक में तय कार्यक्रम के अनुसार 02 फरवरी को राज्य संघ के संयुक्त मोर्चा एवं पटना जिला संघ की कार्यकारिणी संबंधित विभाग में जाकर अधिकारियों से मुलाकात करेगी और अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेगी। मुख्य सचिव की अनुपस्थिति में अन्य प्रभारी पदाधिकारी से बात करने का प्रयास किया जाएगा।
आंदोलन के अगले चरण में 03 फरवरी को सभी जिला इकाई संघ अपने-अपने जिलों में काला बिल्ला लगाकर कार्य करेंगे। 05 फरवरी को प्रस्तावित एक दिवसीय धरना कार्यक्रम के लिए प्रशासन से अनुमति ली जाएगी। 04 फरवरी को अवकाश के बावजूद कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर कार्य करेंगे और अपनी एकजुटता एवं विरोध दर्ज कराएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत 05 फरवरी को कार्य बहिष्कार करते हुए अपने-अपने जिलों में एक दिवसीय धरना दिया जाएगा। इसके बाद 06 फरवरी को पुनः विभाग से संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा और आंदोलन की रणनीति हर स्तर पर सशक्त की जाएगी। 07 एवं 08 फरवरी को कर्मचारी सामान्य रूप से कार्य करेंगे और विभाग की ओर से किसी सकारात्मक उत्तर या लिखित आश्वासन की प्रतीक्षा करेंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि विभाग से कोई उत्तर या पत्राचार प्राप्त नहीं होता है, तो 09 फरवरी को पटना में अनुमति प्राप्त कर एक दिवसीय धरना आयोजित किया जाएगा। इसके समन्वय की जिम्मेदारी पटना कार्यकारिणी को राज्य संघ के सहयोग से सौंपी गई है।
संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि 10 फरवरी तक विभाग द्वारा मांगों पर कोई ठोस एवं सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है, तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी विभागीय प्रशासन की होगी।
बैठक में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनमें राहुल रंजन, आशुतोष कुमार, सचिन कुमार, सचिन ठाकुर, संजीत कुमार (जिला सचिव), संतोष कुमार, पवन कुमार, हंसराज साहनी, मिथिलेश झा (जिला अध्यक्ष), जैकी प्रसाद मंडल इत्यादि शामिल थे। सभी ने आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



