दो दिन में ही तोड़ दिया गया नगर परिषद का नया बोर्ड, संजय नगर तिराहे पर खुली गुंडागर्दी**
अमलाई (नगर परिषद बरगवा क्षेत्र)
नगर परिषद बरगवा (अमलाई) द्वारा शहर की पहचान और सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से संजय नगर तिराहे के पास लगाया गया “I ❤️ BARGAWAN (AMLAI)” साइन बोर्ड महज दो दिन में ही शरारती व विध्वंसक तत्वों द्वारा तोड़ दिया गया।
तस्वीरों में साफ नजर आता है कि भारी लोहे से बने अक्षरों को जानबूझकर उखाड़ा गया, उनके टुकड़े नीचे बिखेर दिए गए। यह कोई हादसा नहीं बल्कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की सोची-समझी साजिश प्रतीत होती है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि व्यस्त संजय नगर तिराहे पर इतनी बड़ी तोड़फोड़ हुई और न तो किसी ने रोका, न ही जिम्मेदारों को समय रहते जानकारी मिली।
क्या नगर परिषद ने किसी तरह की सुरक्षा या निगरानी की व्यवस्था की थी?
या फिर हर बार की तरह इस मामले को भी “अज्ञात तत्वों” के नाम पर छोड़ दिया जाएगा?
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह सिर्फ एक बोर्ड नहीं बल्कि जनता के टैक्स के पैसों से बनाई गई नगर की पहचान थी। दो दिन में ही उसका इस तरह टूट जाना नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
अब देखना यह है कि नगर परिषद बरगवा (अमलाई)
दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करती है
या फिर नया बोर्ड लगाकर इस शर्मनाक घटना पर पर्दा डाल देती है।
जनता जवाब चाहती है, सिर्फ आश्वासन नहीं।



