google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना में दिनदहाड़े फायरिंग में पूर्व सैनिक की मौत

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के मानपुर बैरिया में जमीन विवाद में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी में पूर्व सैनिक तेजनंदन राय 45 वर्ष की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार वर्ष 2005 में तेजनंदन राय ने चोखा राय से एक जमीन की रजिस्ट्री कराई थी। अब उसी जमीन पर चोखा राय का नाती विकास कुमार अपना दावा कर रहा था। गुरुवार की सुबह तेजनंदन राय जमीन की नापी कराने के बाद बाउंड्री वॉल का निर्माण करवा रहे थे। इसी दौरान विकास कुमार अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और निर्माण कार्य का विरोध करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक कहासुनी और बहस होती रही। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि विकास कुमार ने कमर से पिस्तौल निकालकर तेजनंदन राय पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े।

आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग दौड़ पड़े और परिजनों को सूचना दी गई। घायल अवस्था में तेजनंदन राय को तुरंत पास के निजी अस्पताल ले जाया गया। इधर खबर मिलते ही परिवार के लोग भी भागते हुए अस्पताल पहुंचे। लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों का विलाप शुरू हो गया। परिवार में कोहराम मच गया और माहौल गमगीन हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों की भीड़ घटनास्थल और अस्पताल दोनों जगह जमा हो गई। लोगों ने हंगामा करते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति को देखते हुए स्थानीय थाना पुलिस के साथ वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंजन कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के निर्देश दिए।

पुलिस ने मौके से गोली के तीन खोखे बरामद किए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद का प्रतीत होता है। आरोपी विकास कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले नाना ने जमीन बेच दी थी, लेकिन अब नाती उसी जमीन पर दावा कर रहा था। इसी विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्तब्ध हैं। पुलिस प्रशासन ने जल्द कार्रवाई और दोषियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)