google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

फागु बाबा श्मशान घाट में पुलिस-शूटर मुठभेड़, उड़ीपी रेस्टोरेंट गोलीकांड के दोनों कथित मुख्य शूटर घायल

हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने का आरोप, जवाबी कार्रवाई में मोहन यादव और अजीत मंडल के पैरों में लगी गोली; एमजीएम में इलाज जारी

दैनिक समाज जागरण 07.10.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर

जमशेदपुर सोनारी थाना क्षेत्र स्थित फागु बाबा श्मशान घाट के पास बुधवार अहले सुबह करीब 3:30 बजे पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में बिंदल मॉल स्थित उड़ीपी रेस्टोरेंट गोलीकांड के कथित मुख्य शूटर मोहन यादव और अजीत मंडल घायल हो गए। दोनों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने तत्काल दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, सोनारी स्थित बिंदल मॉल के उड़ीपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के मामले में मोहन यादव और अजीत मंडल को कथित मुख्य शूटर बताया जा रहा है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के लिए उन्हें जमशेदपुर लाया गया था। पुलिस टीम मामले में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए बुधवार तड़के दोनों आरोपियों को सोनारी के फागु बाबा श्मशान घाट के पास ले गई थी।

बताया गया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस को उस स्थान की जानकारी दी, जहां कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल पिस्टल छिपाकर रखी गई थी। पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचने के बाद आरोपियों ने कथित रूप से छिपाई गई पिस्टल को बाहर निकाला। पुलिस का दावा है कि इसके बाद दोनों आरोपियों ने बरामद हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान दोनों आरोपियों के पैरों के निचले हिस्से में गोली लगी और वे घायल होकर मौके पर गिर पड़े। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार बरामद करने का दावा किया है। इसके बाद घायल मोहन यादव और अजीत मंडल को पुलिस वाहन से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही जमशेदपुर एसएसपी डॉ. एहतेशाम वाकारिब, सिटी एसपी ललित मीणा समेत पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके को सुरक्षित करते हुए घटनास्थल को सील कर दिया। मौके से फॉरेंसिक और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, अजीत मंडल और मोहन यादव पर बिंदल मॉल स्थित उड़ीपी रेस्टोरेंट में बैठे चार लोगों को निशाना बनाकर फायरिंग करने का आरोप है। इसी मामले की जांच के दौरान दोनों की पहचान कथित शूटर के रूप में हुई थी और उन्हें दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था।

अब पुलिस मुठभेड़ के साथ-साथ उड़ीपी रेस्टोरेंट गोलीकांड की पूरी साजिश की भी पड़ताल कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गोलीकांड के पीछे कौन लोग थे, आरोपियों को हथियार किसने उपलब्ध कराया और वारदात की साजिश में इनके अलावा और कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस की जांच और आरोपियों से पूछताछ के बाद मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)