(रघुनंदन पराशर दैनिक समाज जागरण चीफ ब्यूरो पंजाब)
जैतो,26 फरवरी : उत्तर रेलवे के फिरोजपुर रेल मंडल द्वारा वीरवार को जारी प्रैस विज्ञप्ति में कहा कि फिरोजपुर मंडल के अंतर्गत कार्यरत श्री संतोष कुमार, जो वरिष्ठ खंड अभियंता (सिग्नल) जालंधर सिटी के अधीन सहायक सिग्नलर के पद पर कार्यरत थे, का 01 सितंबर 2025 को ड्यूटी के दौरान दुर्घटनावश निधन हो गया था। दिवंगत कर्मचारी का वेतन स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की रेलवे सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत था। इस स्कीम के अनुसार, उनका बीमा दावा संबंधित स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया शाखा, जालंधर को प्रेषित किया गया था। अब, आवश्यक औपचारिकताओं के बाद एक करोड़ रुपए की बीमा राशि स्वीकृत कर लिया गया है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री संजीव कुमार, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती साक्षी सिंह तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में एक करोड़ रुपए की राशि दिवंगत कर्मचारी के परिजनों को प्रदान की गई है। यह आर्थिक सहायता शोकाकुल परिवार के लिए कठिन समय में संबल का कार्य करेगी।
फिरोजपुर मंडल ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। रेल प्रशासन अपने कर्मचारियों और उनके परिजनों के कल्याण हेतु सदैव प्रतिबद्ध है। फिरोजपुर रेल मंडल प्रबंधक संजीव कुमार व बैंक अधिकारी व अन्य दिवंगत परिवार को चैक देते हुए।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



