समाज जागरण
शाहजहांपुर। मंडी गेट के बाहर सड़े–गले सेबों की बिक्री की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सोमवार की सुबह मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी बागेश्वर मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने छापामार कार्रवाई की। इस दौरान मौके पर खड़े दर्जनभर ट्रकों से सेब बेचे जा रहे थे। छापे में व्यापारियों के साथ जमकर नोकझोंक भी हुई, लेकिन अधिकारी सख्त रहे और खराब सेबों को वहीं नष्ट करा दिया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़े गले फलों की बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि भविष्य में कोई व्यापारी ऐसा करते पकड़ा गया तो खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान व्यापारी नौशाद, टीटू, कमर हाफिजी, कुर्बान अली, अजीत गुप्ता और फूलचंद आदि सेब बेचते पाए गए। छटाई कर खराब फलों को मौके पर नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी बागेश मणि त्रिपाठी ने साफ कहा कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय यादव समेत विभागीय टीम मौजूद रही। छापेमारी के बाद मंडी क्षेत्र के व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



