पटना में होटल का लिफ्ट गिरने से चार घायल

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ शुक्रवार की रात जिले के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी स्थित एरिस होटल में लिफ्ट अचानक गिर गई। इस घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक बुजुर्ग की हालत गंभीर बताई जा रही है। ये हादसा तब हुआ जब होटल में आयुष और अनितिका की रिंग सेरेमनी चल रही थी। समारोह देर रात तक जारी था और करीब 1:30 बजे कई मेहमान लिफ्ट का इस्तेमाल कर रहे थे। होटल की लिफ्ट में अधिकतम तीन लोगों की क्षमता थी, लेकिन अचानक कई लोग एक साथ उसमें चढ़ गए। अत्यधिक वजन के कारण लिफ्ट दबाव सहन नहीं कर सकी और दूसरे फ्लोर से नीचे की ओर गिरते हुए रुक गई। लिफ्ट गिरने के साथ ही तेज आवाज हुई, जिसने समारोह में मौजूद लोगों को डरा दिया। जैसे ही लिफ्ट गिरने की आवाज आई, होटल स्टाफ और मेहमान मौके पर दौड़ पड़े। कुछ ही मिनटों में अफरा तफरी का माहौल बन गया। घायलों में 70 वर्षीय नरेश राय की स्थिति सबसे गंभीर बताई गई है। वे पहले से ही हृदय रोग से पीड़ित हैं। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य घायलों को मामूली चोटें आई हैं और प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति स्थिर है। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद शास्त्रीनगर थाना पुलिस भी होटल पहुंची और प्राथमिक जांच शुरू की गई। मौके पर मौजूद दारोगा ने बताया कि यह लिफ्ट पूरी तरह नहीं गिरी, बल्कि कम वोल्टेज के कारण ‘जंप’ कर नीचे बैठ गई, जिससे लोग चोटिल हो गए। हादसे के बाद होटल प्रबंधन की लापरवाही साफ सामने आई। तीन लोगों की क्षमता होने के बावजूद लिफ्ट में अधिक लोगों के चढ़ने पर किसी ने रोक नहीं लगाई। इससे यह पता चलता है कि समारोह के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया। इस बात पर भी सवाल उठ रहे हैं कि इतनी कम क्षमता वाली लिफ्ट वाले होटल को होटल के लाइसेंस और संचालन की अनुमति कैसे मिली। क्या सुरक्षा मानकों की जांच ठीक से हुई थी? इस तरह के सवाल अब पुलिस जांच के दायरे में आए हैं। स्थानीय लोगों और मेहमानों का कहना है कि होटल प्रबंधन को अतिथियों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहना चाहिए था। खासकर समारोहों में जहां भीड़ अधिक होती है, वहां सुरक्षा उपायों का पालन और भी जरूरी हो जाता है। घटना के बाद पुलिस ने लिफ्ट की तकनीकी स्थिति, होटल की लाइसेंसिंग प्रक्रिया और प्रबंधन की लापरवाही जैसे बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी यह भी पता लगा रहे हैं कि लिफ्ट की सर्विसिंग कब हुई थी और क्या होटल के पास इसके सुरक्षित संचालन प्रमाणपत्र उपलब्ध हैं या नहीं। दारोगा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कम वोल्टेज की बात सामने आई है, लेकिन इसकी पुष्टि तकनीकी विशेषज्ञों की टीम करेगी। होटल प्रबंधन से पूछताछ शुरू हो चुकी है और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई तय है।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)