वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
10 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत सोमवार को किशनगंज प्रखंड सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी कर्मवीर कुमार के नेतृत्व में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ आवश्यक दवाइयां नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। जरूरतमंद मरीजों का एक्स-रे भी किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में वृद्धजनों सहित आम लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी कर्मवीर कुमार समेत प्रखंड एवं अंचल के कर्मियों ने भी स्वास्थ्य जांच एवं एक्स-रे कराया।
स्वास्थ्य शिविर में डॉ. मोहम्मद इजहार आलम, डॉ. विद्या, एएनएम आकांक्षा कुमारी, सुचित्रा कुमारी एवं जुली कुमारी ने मरीजों की जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया। जांच के बाद मरीजों को आवश्यकतानुसार नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
बताया गया कि हर घर तिरंगा अभियान 9 से 17 अगस्त 2026 तक चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य देश की एकता, स्वतंत्रता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करना है। अभियान के तहत लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा तिरंगे के साथ फोटो या सेल्फी लेकर उसे अपलोड करने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
इस अवसर पर बीडीओ कर्मवीर कुमार ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देश की एकता, स्वतंत्रता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करने का अवसर है। जरूरतमंद एवं वंचित लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना भी प्रशासनिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिल सके।
उन्होंने लोगों से हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय एकता और गौरव का संदेश देने की अपील की।
शिविर को सफल बनाने में चिकित्सकीय टीम के साथ प्रखंड एवं अंचल कर्मियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। स्थानीय लोगों ने हर घर तिरंगा अभियान के अवसर पर आयोजित इस जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर की सराहना की।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



