वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
10 अगस्त। जिले के मजगामा पंचायत अंतर्गत परियालपुर गांव में सोमवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया। ससुराल से विवाहिता का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान किशनगंज शहर के पुराना खगड़ा वार्ड संख्या-20 निवासी माहरुमा खातून के रूप में हुई है।
मृतका के परिजनों ने उसके पति मोहम्मद अहसान सहित ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि विवाह के बाद से ही माहरुमा को कथित रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और उसके साथ मारपीट की जाती थी। मृतका की बहन ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष द्वारा उसकी मां से रुपये लाने का दबाव बनाया जाता था और पैसे नहीं लाने पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
घटना की सूचना मिलने पर खगड़ा वार्ड 20 के पार्षद प्रतिनिधि सफी अहमद समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतका के पति और ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा पूर्व में भी उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना किए जाने की शिकायत सामने आती रही थी। मामले को लेकर कई बार समझाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन कथित रूप से प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा। परिजनों ने आशंका जताई है कि इसी प्रताड़ना के चलते माहरुमा की हत्या की गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए किशनगंज सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
विधायक ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से की मुलाकात
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर विधायक कमरुल होडा किशनगंज सदर अस्पताल पहुंचे और मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। विधायक ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा भी दिया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



