सचिव ने विद्यार्थियों को स्वच्छता, सत्य-अहिंसा एवं पॉक्सो एक्ट के प्रति किया जागरूक
दैनिक समाज जागरण
सोनभद्र। उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र के आदेशानुसार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर चलाए जा रहे विशेष अभियान एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 01 अक्टूबर 2026 को विमला इंटरमीडिएट कॉलेज, टैगोर नगर, रॉबर्ट्सगंज में एक दिवसीय विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राहुल, सिविल जज सी0डी0/सचिव (पूर्णकालिक) द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए सचिव राहुल ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वावलंबन के विचारों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल आसपास की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि विचारों एवं आचरण की शुद्धता भी आवश्यक है। विधिक जागरूकता सत्र में उन्होंने पॉक्सो एक्ट-2012 एवं बाल अधिकारों की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के सभी बालक-बालिकाओं को इस अधिनियम के तहत संरक्षण प्रदान किया गया है। उन्होंने विद्यार्थियों को गुड टच एवं बैड टच के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी अप्रिय घटना या असुरक्षित स्थिति में बिना डरे विरोध करने तथा माता-पिता एवं शिक्षकों को तत्काल सूचित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, बच्चों के विरुद्ध अपराध की सूचना पुलिस या बाल संरक्षण इकाई को दिए जाने संबंधी अनिवार्य रिपोर्टिंग प्रावधान की जानकारी दी। उन्होंने नालसा की योजनाओं के बारे में बताते हुए निःशुल्क विधिक सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ शिविर का समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य शिव नारायण लाल, डिप्टी चीफ एल.ए.डी.सी. सत्यारमण त्रिपाठी, असिस्टेंट एल.ए.डी.सी. जय प्रकाश, स्थायी लोक अदालत के सदस्य नीरज सिंह, एम.एस.ई.एम.वी.एस. संस्था से राजन कुमार एवं राजीव कुमार, पराविधिक स्वयंसेवक (PLVs) दीपन कुमार एवं भोलानाथ, विद्यालय के शिक्षक नंदलाल शुक्ला एवं मनीष सिंह सहित अन्य शिक्षकगण, कर्मचारी तथा लगभग 82 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



