google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

बंद घरों को निशाना बनाने वाले चोर गिरोह का पर्दाफाश, सरगना और ज्वेलर्स गिरफ्तार

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
शहर के सफानगर में बंद घर का खिड़की का ग्रिल काटकर आभूषण चोरी करने के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के कथित सरगना इंतेखाब और चोरी के आभूषण खरीदने के आरोप में बेलवा बाजार के एक ज्वेलर्स दुकानदार राजाराम गोल्डनकार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर 20 ग्राम सोना और गृहभेदन में इस्तेमाल किए जाने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं। इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।


पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर 2026 की रात किशनगंज थाना क्षेत्र के सफानगर निवासी मुखलिस आलम के बंद घर की खिड़की का ग्रिल काटकर चोर घर में घुसे थे। इसके बाद आलमारी से सोने का लॉकेट और झुमका चोरी कर लिया गया था। घटना को लेकर काजल मुखलिस आलम के लिखित आवेदन पर किशनगंज थाना कांड संख्या 1219/26, दिनांक 6 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए)/331(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया था। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। इसी क्रम में 19 नवंबर को पुलिस ने मोहिउद्दीनपुर निवासी इंतेखाब (34) को गिरफ्तार किया।


पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने गिरोह के काम करने के तरीके का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह में सात से आठ अपराधी शामिल हैं। गिरोह के सदस्य दिन में घूम-घूमकर ऐसे घरों की रेकी करते थे, जो कई दिनों से बंद रहते थे। इसके बाद रात में खिड़की का ग्रिल या ताला काटकर घर में प्रवेश करते और सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे।


गिरफ्तार इंतेखाब की निशानदेही पर पुलिस ने बेलवा बाजार स्थित ज्वेलर्स दुकान के संचालक राजाराम गोल्डनकार (32) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, चोरी के आभूषण को ठिकाने लगाने में उसकी भूमिका सामने आई है। उसकी निशानदेही पर एक अन्य ज्वेलर्स दुकान से 20 ग्राम सोना बरामद किया गया। वहीं, मोहिउद्दीनपुर के पास छिपाकर रखे गए गृहभेदन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में इससे पहले 14 नवंबर को घोड़ामारा निवासी गोरेलाल कामती को पांच ग्राम चांदी की अंगूठी सहित अन्य सामान के साथ गिरफ्तार किया गया था। वहीं, 18 नवंबर को अब्दुल सलमान को पांच ग्राम सोने के झुमके के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।


पुलिस ने ताजा कार्रवाई में 20 ग्राम सोना, एक बोल्ट कटर मशीन, एक आरी ब्लेड मशीन, चार आरी ब्लेड, एक सलाई रिंच, दो लोहे की खंती और एक छोटा लोहे का कटर जब्त किया है। पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों के पास से पांच ग्राम सोने का झुमका, पांच चांदी की अंगूठियां, सलाई रिंच, पिलास, खंती सहित अन्य सामान भी बरामद किए गए थे।


पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी के शेष आभूषणों की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है। साथ ही जिले में हुई अन्य गृहभेदन की घटनाओं में भी इस गिरोह की संलिप्तता की जांच की जा रही है। छापेमारी दल में एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज, किशनगंज थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, जिला आसूचना इकाई के प्रभारी मो. मुश्ताक सहित किशनगंज थाना और जिला आसूचना इकाई के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)