google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

12 वर्षों से ध्वस्त पुल, बरसात में टापू बन जाता है गोढिया हाट का इलाका

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से कई बार गुहार के बावजूद नहीं हुआ निर्माण, स्कूली बच्चों सहित ग्रामीणों को होती है भारी परेशानी

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
टेढ़ागाछ (किशनगंज)। टेढ़ागाछ प्रखंड की हवाकोल पंचायत अंतर्गत गोढिया हाट के समीप पिछले 12 वर्षों से आरसीसी पुल ध्वस्त पड़ा है। पुल के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण सांसद, विधायक और जिला प्रशासन से कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक किसी ने इस गंभीर समस्या के समाधान की पहल नहीं की है।


पुल ध्वस्त रहने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत के मुखिया विशेश्वर प्रसाद साह ने बताया कि सुखाड़ के मौसम में ग्रामीण किसी तरह आवागमन कर लेते हैं, लेकिन बरसात में जलजमाव के कारण पूरा इलाका टापू में तब्दील हो जाता है। पानी भरने से लोगों का संपर्क आसपास के क्षेत्रों से कट जाता है।


इसका सबसे अधिक असर उत्क्रमित मध्य विद्यालय बगुलाहागी जाने वाले छात्र-छात्राओं, गोढिया हाट पहुंचने वाले लोगों और पंचायत सरकार भवन आने-जाने वाले ग्रामीणों पर पड़ता है। बरसात के दिनों में बच्चों और आम लोगों के लिए आवागमन किसी चुनौती से कम नहीं रहता।
ग्रामीण अशोक ऋषिदेव, मनोज मंडल, अनिरुद्ध प्रसाद गिरी, भोला प्रसाद ऋषिदेव एवं पन्नालाल ऋषिदेव सहित अन्य लोगों ने शासन-प्रशासन से अविलंब उक्त स्थल पर नए आरसीसी पुल के निर्माण की मांग की है।


ग्रामीणों का कहना है कि 12 वर्षों से पुल ध्वस्त पड़ा होना जनसमस्याओं के प्रति जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग की उदासीनता को दर्शाता है। अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि पुल का निर्माण कराकर लोगों को इस समस्या से स्थायी निजात दिलाने की जरूरत है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)