google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

गाजियाबाद में गुरुकुल श्री छोटे लाल मेमोरियल का भव्य उद्घाटन, वैदिक शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प

यज्ञ के साथ हुआ शुभारंभ, स्वामी आर्यवेश बोले—आज के दौर में गुरुकुलीय शिक्षा बेहद जरूरी

गाजियाबाद। शनिवार, 11 अप्रैल 2026 को ग्राम नंगला अटोर में गुरुकुल श्री छोटे लाल मेमोरियल का भव्य उद्घाटन वैदिक पद्धति के अनुसार यज्ञ के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग, विद्वान और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

यज्ञ की ब्रह्मा अंजली आर्य ने बताया कि वैदिक काल में गुरुकुलों की संख्या लगभग 7.5 लाख थी, जो घटकर आज करीब 4 हजार रह गई है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी सभ्यता के प्रभाव के कारण हमारी संस्कृति प्रभावित हो रही है और बच्चे संस्कार विहीन होते जा रहे हैं। ऐसे में वैदिक पद्धति पर आधारित शिक्षा को अपनाना समय की मांग है।

समारोह के अध्यक्ष एवं मुख्य वक्ता स्वामी आर्यवेश ने कहा कि वर्तमान समाज में गुरुकुलीय शिक्षा के अभाव के कारण अंधविश्वास और रूढ़िवादिता बढ़ रही है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आज के परिवेश में गुरुकुलीय शिक्षा अत्यंत आवश्यक है, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके।

मुख्य अतिथि चौधरी अमन सिंह ने कहा कि आज का युवा नशा, जुआ और अन्य कुरीतियों की ओर बढ़ रहा है, जिससे समाज में रिश्तों में दरार आ रही है। उन्होंने कहा कि गुरुकुल शिक्षा के माध्यम से ही संस्कार और अनुशासन को पुनः स्थापित किया जा सकता है।

कार्यक्रम का संचालन कृष्णदेव आर्य ने किया, जबकि प्रसिद्ध भजनोपदेशक कुलदीप आर्य और वेदपाल आर्य ने भजनों के माध्यम से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर ब्रजपाल तेवतिया, हरबीर सिंह, कृष्णमुनि, स्वामी अखिलेश्वरानंद, सत्यवीर चौधरी सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए गुरुकुल परिवार को शुभकामनाएं दीं। सभी अतिथियों को शॉल एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में रामपाल सिंह, हरबीरी देवी, राजेंद्र चौधरी, कृष्णपाल आर्य, नरेंद्र पांचाल, प्रेमचंद, श्याम सुंदर आर्य, सतीश आर्य, सुरेंद्र पाल, वीरेंद्र सिंह सिरोही, ओमेंद्र आर्य सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

Ghaziabad, #Gurukul, #VedicEducation, #AryaSamaj, #EducationNews, #UPNews, #HindiNews


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)