13 लाख किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य, जिला से प्रखंड स्तर तक चलेगा अभियान
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
27 फरवरी।
प्रदेश की बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में राज्य सरकार ने एक ऐतिहासिक पहल की है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 14 वर्ष की बालिकाओं को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव का टीका निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी अभियान के तहत राज्य की लगभग 13 लाख किशोरियों को मानव पैपिलोमा विषाणु (एचपीवी) से सुरक्षा प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान के अजमेर से इस राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ करेंगे। राज्य स्तर पर इसका उद्घाटन इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान, पटना से किया जाएगा। शुभारंभ के अवसर पर प्रत्येक जिले में चयनित केंद्रों पर 20 किशोरियों को टीका लगाकर अभियान की शुरुआत होगी।
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि वे बालिकाएं जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन पूरा कर लिया है और अभी 15 वर्ष की नहीं हुई हैं, वे अपने निकटतम सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर यह टीका निःशुल्क लगवा सकती हैं। उन्होंने कहा कि यह टीका अब तक महंगा होने के कारण आम लोगों की पहुंच से दूर था, लेकिन सरकार ने इसे जन-जन तक पहुंचाने का निर्णय लिया है।
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार के अनुसार भारत में महिलाओं के बीच गर्भाशय ग्रीवा कैंसर एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है। वर्ष 2024 में देशभर में हजारों नए मामले दर्ज किए गए और बड़ी संख्या में महिलाओं की मृत्यु इस बीमारी से हुई। यह कैंसर मुख्यतः एचपीवी संक्रमण के कारण होता है, जिसे समय पर टीकाकरण के माध्यम से लगभग 93 प्रतिशत तक रोका जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है तथा विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त है। अभियान पहले जिला स्तर पर संचालित होगा और इसके बाद प्रखंड स्तर तक विस्तारित किया जाएगा, ताकि राज्य की कोई भी पात्र बालिका इससे वंचित न रहे।
इस महाअभियान की निगरानी डिजिटल मंच ‘यू-विन’ के माध्यम से की जाएगी। अभिभावकों की सहमति के बाद ही टीकाकरण किया जाएगा। टीका लगने के बाद हल्का दर्द या सामान्य बुखार जैसे लक्षण संभव हैं, जो अल्प समय में स्वयं ठीक हो जाते हैं।
राज्य सरकार का यह प्रयास न केवल बेटियों को एक गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करेगा, बल्कि परिवारों को भविष्य में होने वाले महंगे उपचार के बोझ से भी राहत देगा। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पुत्रियों को इस महत्वपूर्ण अभियान का लाभ अवश्य दिलाएं और उन्हें सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम उठाने में सहयोग करें।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



