समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत दरियापुर गांव में गुरुवार की देर रात एक फर्नीचर दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। तेज लपटों और धुएं ने पूरे इलाके में दहशत पैदा कर दी। इस हादसे में दुकान का लगभग पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया और करीब 20 से 30 लाख रुपये की क्षति होने की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, यह दुकान अब्दुल अहद की है, जो सोफा और सीट रिपेयरिंग का काम करते हैं। अब्दुल अहद ने बताया कि रात में दुकान बंद होने के बाद सभी लोग घर जा चुके थे। रात करीब डेढ़ बजे जब वह खुद सोने जा रहे थे, तभी उन्हें जलने की तेज गंध आई। संदेह होने पर जब वे बाहर आए तो देखा कि दुकान के अंदर आग की लपटें उठ रही थीं। उन्होंने तुरंत फायर स्ट्रिंगर की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी दुकान आग की चपेट में आ गई। आग लगने के समय दुकान के अंदर रेहान नाम का एक युवक सो रहा था। आग फैलते ही वह अंदर फंस गया, लेकिन मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने किसी तरह दरवाजा तोड़कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला। दुकान में तैयार सोफा, सीट, महंगे फर्नीचर, कच्चा माल, मशीनें और ग्राहकों का रखा हुआ सामान मौजूद था। कुछ ही समय में आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि एक भी सामान सुरक्षित नहीं बच सका। मोहम्मद रिजवान ने बताया कि दुकान में रखे सामान का बड़ा हिस्सा ग्राहकों का था और अब उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि वे नुकसान की भरपाई कैसे करेंगे। स्थानीय लोग लगातार पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उस पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और अग्निशमन विभाग सक्रिय हो गए। आग इतनी भयानक थी कि बाढ़, हाथीदह, मरांची और मोकामा में तैनात दमकल वाहनों को बुलाना पड़ा। कुल मिलाकर चार एमटी फायर टेंडर और एक बड़ी गाड़ी की मदद से करीब ढाई घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दुकानदार अब्दुल अहद ने आशंका जताई है कि आग किसी दुर्घटना से नहीं लगी, बल्कि जानबूझकर लगाई गई है। उन्होंने बताया कि पास में एक शादी समारोह चल रहा था, और कुछ युवकों ने मस्ती-मजाक के दौरान दुकान के पास आतिशबाजी की थी। दुकानदार का कहना है कि इन्हीं युवकों ने आग लगाने में भूमिका निभाई होगी, क्योंकि दुकान के बाहर आतिशबाजी के अवशेष भी मिले हैं। हालांकि पुलिस इस मामले में जांच कर रही है और अब तक किसी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



