पुष्पा गुप्ता, संवाददाता दैनिक समाज जागरण, डेहरी ऑनसोन
जमुहार, रोहतास स्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय का तृतीय दीक्षांत समारोह आज, 16 नवंबर को प्रातः 11 बजे से आरंभ होगा। इस महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारत के 14वें राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार के राज्यपाल श्री राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर करेंगे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार और भूमि राजस्व मंत्री सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल कार्यक्रम में शामिल होंगे।
समारोह की तैयारी पूरी
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति गोपाल नारायण सिंह ने बताया कि दीक्षांत समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर 2022 और 2023 सत्र में उत्तीर्ण 1,682 छात्र-छात्राओं को उपाधि प्रदान की जाएगी। इनमें से 59 मेधावी छात्रों को पदक देकर सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने-अपने विषयों में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी आकर्षण का केंद्र
अतिथियों के स्वागत के लिए रोहतास जिले की पारंपरिक आदिवासी लोक नृत्य मंडली अपनी प्रस्तुति देगी। इसके अलावा, वाराणसी के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में दी गई विस्तृत जानकारी
आज आयोजित प्रेस वार्ता में कुलपति डॉ. महेंद्र कुमार सिंह, सचिव गोविंद नारायण सिंह, प्रबंध निदेशक त्रिविक्रम नारायण सिंह और विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारियों ने समारोह की तैयारियों की जानकारी दी। पत्रकार वार्ता का संचालन मुख्य जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह ने किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. धर्मेश श्रीवास्तव, परीक्षा नियंत्रक डॉ. कुमार आलोक प्रताप, सहायक कुलसचिव मिथिलेश कुमार सिंह और एकेडमिक डायरेक्टर सुदीप कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



