google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

चोलापुर में स्नातक संवाद यात्रा का आयोजन, बेरोजगार युवाओं की समस्याओं पर हुई गंभीर चर्चा

समाज जागरण वाराणसी ओंकार नाथ दानगंज, धरोहर संरक्षण सेवा संगठन के आयाम केसरिया भारत द्वारा स्नातकों की समस्याओं को लेकर स्नातक संवाद यात्रा का आयोजन चोलापुर ब्लॉक के कटारी स्थित एक निजी विद्यालय में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बेरोजगार स्नातकों की जमीनी समस्याओं को सामने लाना और उनके समाधान के लिए ठोस नीति की मांग करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्नातक युवाओं ने भाग लेकर अपनी पीड़ा साझा की।


कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वाराणसी खण्ड स्नातक विधान परिषद प्रत्याशी कृष्णानन्द पाण्डेय ने कहा कि वर्तमान समय में स्नातक वर्ग सबसे अधिक उपेक्षित है। पढ़ाई पूरी करने के बाद भी युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनका भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा युवाओं के लिए बनाई जा रही योजनाएं कागजों तक सीमित रह गई हैं और उनका लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पा रहा है।


कृष्णानन्द पाण्डेय ने स्नातक युवाओं के लिए वर्ष में 100 दिन रोजगार गारंटी योजना लागू करने की मांग करते हुए कहा कि इससे युवाओं को सम्मानजनक रोजगार मिलेगा और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे। उन्होंने स्नातकों के लिए 20 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा लागू करने की भी मांग रखी। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि शिक्षकों से केवल पठन-पाठन का कार्य कराया जाए, जबकि अन्य शासकीय कार्यों में बेरोजगार स्नातकों को प्राथमिकता दी जाए, जिससे उन्हें रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केसरिया भारत के प्रदेश अध्यक्ष गौरिश सिंह ने कहा कि देश में लगातार महंगी होती जा रही शिक्षा व्यवस्था युवाओं के लिए घातक सिद्ध हो रही है। उन्होंने एक बोर्ड, एक फीस और एक पाठ्यक्रम लागू करने की मांग करते हुए कहा कि इससे शिक्षा व्यवस्था में समानता आएगी और हर वर्ग के छात्रों को समान अवसर मिल सकेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विजय पाठक ने की। उन्होंने कहा कि स्नातक वर्ग की समस्याओं को लेकर समाज और सरकार दोनों को गंभीरता से सोचना होगा। कार्यक्रम का संचालन गौरव मिश्र ने किया, जिन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।


इस अवसर पर शुभम पाण्डेय, अजय मिश्र, आदेश चौबे, मुन्ना चौबे, अमन त्रिपाठी, सोनू जायसवाल, माधव कृष्ण मालवीय, राहुल सेठ, बब्बू शुक्ला, सुनील प्रजापति सहित बड़ी संख्या में स्नातक युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने रोजगार, शिक्षा और भविष्य को लेकर अपनी चिंताओं को खुलकर रखा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)