google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

सरैयाडीह में कानू समाज का भव्य होली मिलन समारोह, शिक्षा व एकता पर दिया गया विशेष बल

पंकज कुमार पाठक, दैनिक समाज जागरण

पदमा (हजारीबाग)। पदमा प्रखंड के सरैयाडीह स्थित कुँवरणथान परिसर में रविवार को कानू समाज द्वारा पारिवारिक होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों की भारी भागीदारी रही और पूरे परिसर में रंगोत्सव, आपसी सौहार्द एवं भाईचारे का उल्लासपूर्ण माहौल देखने को मिला।


समारोह का शुभारंभ अखिल भारतीय कानू महासभा झारखंड प्रांत के अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने समाज के संगठन और उत्थान पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिसके द्वारा न केवल समाज बल्कि राष्ट्र का भी समग्र विकास संभव है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के प्रति सजग रहने और समाज को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।


सभा को विभिन्न वक्ताओं ने क्रमवार संबोधित किया। विशिष्ट अतिथियों ने कानू समाज की एकजुटता की सराहना करते हुए सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान पारंपरिक अबीर-गुलाल के साथ लोगों ने एक-दूसरे को होली की बधाई दी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी समां बांध दिया और उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। कार्यक्रम के समापन पर समाज की एकता, शिक्षा के प्रसार और सामाजिक उत्थान के संकल्प के साथ समारोह संपन्न हुआ।


मौके पर झारखंड-बिहार के विभिन्न जिलों से कानू समाज के पदाधिकारी उपस्थित थे। साथ ही विधायक प्रतिनिधि नारायण यादव, सांसद प्रतिनिधि अजय मेहता, भाजपा मंडल अध्यक्ष बाबूलाल मेहता, उप प्रमुख सत्येंद्र राणा, सरैया मुखिया शांति देवी, पूर्व उप मुखिया सुरेश पांडेय, प्रकाश ओझा, कैलाश केशरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में लालकिशोर गुप्ता, पूर्व सांसद प्रतिनिधि सुरेंद्र गुप्ता, लखन गुप्ता, महेंद्र गुप्ता, संतोष गुप्ता, राधेश्याम गुप्ता, घनश्याम गुप्ता समेत अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह ने समाज में एकता, भाईचारे और सकारात्मक सोच का संदेश दिया।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)