ग्रेटर नोएडा, 8 अक्टूबर 2025। भारत विकास परिषद, विवेकानन्द शाखा, ग्रेटर नोएडा द्वारा आज स्पर्श इंटरनेशनल स्कूल, ओमेगा-1 में “गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा तीन से आठवीं तक के मेधावी विद्यार्थियों — अद्विका चौधरी, भृगु भारद्वाज, काशवी शर्मा, इनाया गुप्ता, आराध्या गुप्ता और अरमान पटनायक — को अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर प्रतीक चिन्ह और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में प्रो. विवेक कुमार ने बताया कि गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन का उद्देश्य भारतीय गुरुकुल परंपरा की भावना को सशक्त बनाना और विद्यार्थियों में गुरुजनों के प्रति आदर एवं संस्कारों का विकास करना है। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं को न केवल अपनी पढ़ाई में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने, बल्कि जीवनभर गुरुजनों, माता-पिता और बड़ों का सम्मान करने की शपथ भी दिलाई।
स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती ज्योति राणा ने सभी विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य एक अच्छा नागरिक बनना और समाज में सकारात्मक योगदान देना है। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका श्रीमती सुमन शर्मा ने किया।
इस अवसर पर स्कूल की कोऑर्डिनेटर्स श्रीमती लक्ष्मी सिंह और श्रीमती स्वाति करनवाल सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं भारत विकास परिषद के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



