google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

हाथरस कांड: नारायण साकार हरि की गिरफ्तारी के लिए बाबा की कुटिया पर धरना

आगरा। हाथरस भगदड़ कांड को लेकर नारायण साकार हरि उर्फ भोले बाबा की चर्चाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक तरफ पूरे घटनाक्रम की जांच उच्चस्तरीय कमेटी कर रही है तो दूसरी ओर आगरा के शाहगंज केदार नगर स्थित भोले बाबा की कुटिया पर कृष्ण गोपाल नामक युवक धरना देने पहुंच गया। बाबा की कुटिया पर बैठकर वह हनुमान चालीसा पढ़ने लगा। कृष्ण गोपाल का कहना है कि भगदड़ कांड का दोषी भोले बाबा है। गिरफ्तारी की जानी चाहिए। जैसे ही पुलिस को इसकी सूचना मिली तो उसे मौके से खदेड़ दिया। नारायण साकार हरि उर्फ भोले बाबा 24 साल पहले आगरा के शाहगंज केदार नगर में रहते थे। आगरा विकास प्राधिकरण की केदार नगर योजना के ईडल्ब्यूएस सेक्टर डी 55 उनके मकान का नंबर है। अब इसे उनके अनुयायी कुटिया के नाम से पुकारते हैं। 2 जुलाई को हुए हाथरस भगदड़ कांड के बाद भी भोले बाबा की कुटिया पर उनके चाहने वालों का आना बंद नहीं हुआ है। रोजाना सैकड़ों लोगों की भीड़ भोले बाबा के दरबार में माथा टेकने आती है। शाहगंज क्षेत्र का रहने वाला कृष्ण गोपाल उपाध्याय सोमवार सुबह केदार नगर भोले बाबा की कुटिया पर पहुंच गया। कृष्ण गोपाल ने कुटिया पर पोस्टर चस्पा कर बाबा को 123 लोगों की मौत का जिम्मेदार ठहराया है। कृष्ण गोपाल बाबा की गिरफ्तारी के लिए सुबह से धरने पर बैठ गया। कृष्ण गोपाल का कहना है कि बाबा अपने गुणगान कराते हैं, जबकि सत्संग में भगवान की आराधना होती है, बाबा पाखंडवाद फैला रहा है। भोले बाबा की कुटिया पर एक तरफ कृष्ण गोपाल उपाध्याय धरना दे रहे थे। वहीं दूसरी ओर भोले बाबा के अनुयायी कुटिया पर माथा टेक रहे थे। इस दौरान कई लोगों की धरना दे रहे कृष्ण गोपाल की नोकझोंक हो गई। जब पुलिस को इसकी जानकारी हुई तो थाना पुलिस ने पहुंचकर युवक को खदेड़ दिया। कृष्णा गोपाल दक्षिण विधानसभा से चुनाव लड़ चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना था कि अपनी राजनीति चमकाने के लिए वह पॉलिटिकल स्टंट रच रहे थे।

प्रमोद कुशवाह कि रिपोर्ट


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)