संविधान दिवस पर सिंहभूम कॉलेज में विशेष व्याख्यान का आयोजन, विद्यार्थियों को दिलाई गई प्रस्तावना की सामूहिक शपथ
दैनिक समाज जागरण
चांडिल। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को सिंहभूम कॉलेज, चांडिल के बिरसा मुंडा सभागार में विशेष व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील मुर्मू ने की। इस अवसर पर जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज के प्रो. संजीव कुमार बिरूली मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य वक्ता ने महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया। इसके बाद उन्होंने भारतीय संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों पर विस्तार से अपने विचार रखे।
अपने संबोधन में प्रो. संजीव कुमार बिरूली ने कहा कि भारतीय संविधान केवल कानून की किताब नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। यह हमारी सामूहिक चेतना और राष्ट्रीय प्रतिबद्धता का सबसे बड़ा दस्तावेज है। उन्होंने संविधान के मूल आदर्शों को समझने और उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
आदिवासी अधिकारों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की जमीन का संरक्षण केवल भूमि विवाद का विषय नहीं है, बल्कि यह उसकी सामाजिक पहचान, सांस्कृतिक विरासत, आर्थिक स्वतंत्रता और संवैधानिक गरिमा से जुड़ा सवाल है। लोकतंत्र की व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने की व्यवस्था नहीं है, बल्कि असहमति का सम्मान, संवाद की संस्कृति और प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा को स्वीकार करने वाली जीवन पद्धति है।
उन्होंने कहा कि संविधान का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचेगा। उनका व्याख्यान ज्ञानवर्धक एवं विचारोत्तेजक रहा। इससे महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं और प्राध्यापकों को संविधान के विभिन्न पहलुओं को समझने का अवसर मिला।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार की ओर से मुख्य वक्ता प्रो. संजीव कुमार बिरूली को प्रशस्ति पत्र सह प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। महाविद्यालय परिवार ने उनके बौद्धिक योगदान, प्रेरक विचारों एवं गरिमामयी उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान विकसित करना तथा लोकतांत्रिक चेतना को मजबूत करना था। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वाणिज्य विभाग की अध्यापिका डॉ. रिया शालिनी ने किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. ज्योतिष कुमार सिंह, प्रोफेसर रतनजॉन बरला, डॉ. अंबिका रजक, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. रिया शालिनी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.