समाज जागरण/ मनोज कुमार चौबे
चोपन/ सोनभद्र। चोपन कस्बे में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शिकायतों के आधार पर मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम को क्लीनिक के अंदर तीन बेड, अलग-अलग कमरे और सर्जिकल उपकरण मिले। क्लीनिक में अवैध रूप से गर्भपात किए जाने की आशंका भी जताई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस की मौजूदगी में क्लीनिक को सील कर दिया। एसीएमओ/नोडल गुलाब शंकर ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
काफी दिनों से मिल रही थीं शिकायतें-:
एसीएमओ/नोडल गुलाब शंकर ने बताया कि संबंधित क्लीनिक को लेकर काफी दिनों से शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि एक अज्ञात महिला अवैध रूप से क्लीनिक का संचालन कर रही है। इसके अलावा यहां गैरकानूनी तरीके से गर्भपात किए जाने की भी शिकायत सामने आई थी। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग मामले पर नजर रख रहा था। एसीएमओ ने बताया कि वह सर्जरी के सिलसिले में कहीं जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें संबंधित क्लीनिक खुला हुआ दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान वहां एक महिला भर्ती मिली, जिसे सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चोपन भेजा गया। इस दौरान मौके की नजाकत को देखते हुए क्लिनिक से स्टॉफ भाग गए, हालांकि मौके पर एक स्कूटी मिली उसके आधार पर उस महिला तक पहुंचा जा सकेगा। फिलहाल महिला की चिकित्सकीय स्थिति और क्लीनिक में उसकी मौजूदगी से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
क्लीनिक के अंदर मिले तीन बेड और सर्जिकल उपकरण-:
मौके पर निरीक्षण के दौरान क्लीनिक के अंदर बाकायदा कमरे बने हुए मिले। इन कमरों में तीन बेड लगे थे। इसके अलावा सर्जिकल उपकरण और अन्य सामान भी मिला। एसीएमओ/नोडल गुलाब शंकर के मुताबिक, मौके पर मौजूद उपकरणों और व्यवस्थाओं को देखकर यहां अवैध रूप से गर्भपात किए जाने की आशंका जताई गई है। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान चोपन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक भी मौजूद रहे।
पुलिस की मौजूदगी में सील किया गया क्लीनिक-:
क्लीनिक के संबंध में कार्रवाई के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कस्बा इंचार्ज मनोज सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में क्लीनिक को सील करने की प्रक्रिया पूरी की गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी, ताकि अवैध रूप से क्लीनिक संचालित किए जाने के आरोपों की जांच हो सके और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
मकान मालिक के खिलाफ फिलहाल कार्रवाई नहीं-:
एसीएमओ/नोडल गुलाब प्रसाद ने बताया कि जिस मकान में क्लीनिक संचालित हो रहा था, उसके मकान मालिक के खिलाफ फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सील किए गए प्रतिष्ठान को दोबारा खुलवाने के लिए संबंधित पक्ष को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन देना होगा। परिस्थितियों के अनुसार प्रतिष्ठान खुलवाने के लिए न्यायालय का रुख भी करना पड़ सकता है।
सिंदुरिया रोड पर भी हो चुकी है कार्रवाई-:
एसीएमओ/नोडल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग जिले में अवैध अस्पतालों, क्लीनिकों और पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है। जहां से भी शिकायत मिलती है, वहां टीम भेजकर मौके की स्थिति का निरीक्षण किया जाता है और अनियमितताएं मिलने पर नियमानुसार कदम उठाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले सिंदुरिया रोड पर एक क्लीनिक और दो पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सील किया गया था। हालांकि, बाद में निरीक्षण के दौरान संबंधित एक प्रतिष्ठान में ताला खुला पाया गया। इस मामले में भी संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
अवैध चिकित्सा गतिविधियों पर विभाग की नजर-:
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से चिकित्सा सेवाएं संचालित करने वाले प्रतिष्ठानों पर निगरानी का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। बिना आवश्यक अनुमति और निर्धारित मानकों के चिकित्सा सेवाएं संचालित करने से मरीजों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो सकते हैं। एसीएमओ/नोडल गुलाब शंकर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग अवैध अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ अभियान जारी रखेगा। शिकायत मिलने पर तत्काल मौके की जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल क्लीनिक को सील कर दिया गया है। गर्भपात किए जाने के आरोपों की पुष्टि और अन्य तथ्यों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



