वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
29 जून। मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत किशनगंज पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.500 किलोग्राम हेरोइननुमा मादक पदार्थ, चार मोबाइल फोन तथा 9,950 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये है।
एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने बताया कि पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल के मालदा से मादक पदार्थ की एक बड़ी खेप बहादुरगंज लाई जा रही है। सूचना के आधार पर एसडीपीओ-1 के नेतृत्व में जिला आसूचना इकाई, एएनटीएफ और किशनगंज थाना पुलिस की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई।
विशेष टीम ने रामपुर चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान मालदा से आई एक बस से उतरे तीन संदिग्ध युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा। मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में तलाशी लेने पर उनके बैग से 1.500 किलोग्राम हेरोइननुमा मादक पदार्थ बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फिरोज अंसारी (22), अमजद अंसारी उर्फ इस्मता उर्फ गामा (28) तथा रहीस अंसारी उर्फ सागर साह (23) के रूप में हुई है। तीनों बहादुरगंज थाना क्षेत्र के लोहागाड़ा इस्तमा टोला के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी करते थे। प्रारंभिक जांच में इस सिंडिकेट के तार मालदा (पश्चिम बंगाल) और किशनगंज के अन्य तस्करों से जुड़े होने की जानकारी मिली है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज तथा अवैध संपत्ति की भी जांच की जा रही है।
इस संबंध में किशनगंज थाना में कांड संख्या 694/26 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 111 तथा एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8(सी), 18(सी), 21(सी), 29 और 31 के तहत कार्रवाई की गई है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



