वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
29 जून,ठाकुरगंज। शिक्षा व्यवस्था, बढ़ती महंगाई और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को लेकर सोमवार को ठाकुरगंज नगर पंचायत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं बिहार सरकार के खिलाफ पैदल मार्च निकालकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता मोहम्मद सलीम के नेतृत्व में निकाला गया यह मार्च मस्तान चौक से शुरू होकर डीडीसी मार्केट तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए। डीडीसी मार्केट पहुंचने पर केंद्र सरकार, बिहार सरकार तथा बिहार के शिक्षा मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता मोहम्मद सलीम ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है। रसोई गैस, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, लेकिन सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं रोजगार उपलब्ध कराने के बजाय सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान भटका रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा संबंधी नीतियों और निर्णयों से छात्रों तथा अभिभावकों में असंतोष बढ़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में असफल रही है और प्रशासनिक व्यवस्था भी कमजोर पड़ गई है। नेताओं ने सरकार से जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग की।
पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने “महंगाई कम करो”, “शिक्षा बचाओ” और “जनविरोधी नीतियां वापस लो” जैसे नारे लगाए। शांतिपूर्ण ढंग से निकाले गए इस मार्च के समापन पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और कांग्रेस जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे भी संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जनता की समस्याओं का समाधान नहीं करती है तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सोहेल उर्फ राजा, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रदीप कुमार यादव, पूर्व मुखिया गणेश राय, अभय सिंह, मोहम्मद सुलेमान, अनवारूल, सरफराज, मोहम्मद मुन्ना, मोहम्मद सेनू, मोहम्मद जूनेद आलम, मोहम्मद साबीर आलम, मोहम्मद शोएब, मोहम्मद मकसूद आलम, फैसल रहमानी, मोहम्मद राहील, मोहम्मद शहबाज, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि नजीर आलम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



