रविवार की रात मचा हड़कंप, संतोष सिंह, मोहन अवस्थी सहित 4 अन्य पर मुकदमा दर्ज
समाज जागरण संवाददाता शाहजहांपुर
शाहजहांपुर। थाना रामचन्द्र मिशन क्षेत्र के कानेंग में रविवार रात करीब 10:15 बजे भाजपा नेता शरद कुमार सिंह अपने ड्राइवर के साथ कानेंग फार्म पर बैठे थे। तभी दो गाड़ियां उनके होटल के सामने आकर रुकीं। आरोप है कि एक गाड़ी में बैठे संतोष सिंह, मोहन अवस्थी और चार गुर्गों ने दूसरी गाड़ी में सवार हरिपाल सिंह, लालू और एक अन्य व्यक्ति को डंडों से पीटना शुरू कर दिया। भाजपा नेता शरद कुमार सिंह जब अपने ड्राइवर रवि के साथ मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराने का प्रयास किया, तो संतोष सिंह भड़क गया। उसने गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की नीयत से कई राउंड फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि भाजपा नेता और उनका ड्राइवर बाल-बाल बच गया, लेकिन घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। वारदात के लगभग 45 मिनट बाद संतोष सिंह ने उक्त भाजपा नेता को फोन कर उसके पेट्रोल पंप, होटल और फार्म पर आकर जान से मारने की धमकी दी। इससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। भाजपा नेता ने पूरी घटना की लिखित तहरीर थाने में दी। जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए संतोष सिंह, मोहन अवस्थी और 4 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 109(1), 115(2), 352 और 351(3) में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गौरतलब है कि संतोष सिंह पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं और हाल ही में उसे जिलाबदर किया गया था। इसके बावजूद उसका खुलेआम वारदात करना पुलिस-प्रशासन की कार्यवाही पर सवाल खड़े कर रहा है।



