वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने तीन दिवसीय सीमांचल दौरे के दूसरे दिन गुरुवार को शहर के पूरब पल्ली स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पूरब पल्ली में पूजा-अर्चना की। उन्होंने देश में सुख-शांति, समृद्धि और आपसी सौहार्द की कामना करते हुए विशेष प्रार्थना की। माता गुजरी मेडिकल कॉलेज में रात्रि विश्राम के बाद श्री शाह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंदिर पहुंचे। मंदिर के पुरोहित कमलेश झा ने उन्हें विधि-विधानपूर्वक पूजा संपन्न कराई। पूजा के उपरांत गृह मंत्री ने प्रसाद ग्रहण किया और मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया।
पुरोहित कमलेश झा ने बताया कि पूजा के दौरान श्री शाह अत्यंत श्रद्धाभाव से उपस्थित रहे और अनुष्ठान के पश्चात प्रसन्नचित्त दिखाई दिए।
भाजपा प्रवक्ता सुबोध महेश्वरी ने बताया कि यह हनुमान मंदिर लगभग 80 वर्ष पुराना है और क्षेत्र में इसकी गहरी आस्था है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री के आगमन से कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल है। मंदिर समिति की ओर से अंगवस्त्र भेंट कर उनका सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। इस अवसर पर बिहार सरकार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उद्योग सह पथ निर्माण मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
गृह मंत्री का यह दौरा क्षेत्र में संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



