दैनिक समाज जागरण
चोपन/ सोनभद्र। चोपन ब्लॉक अंतर्गत ग्रामसभा बर्दिया टोला कुस्हवा में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर नल जल योजना के बावजूद गांव के लोगों को आज भी पानी के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लगाए गए नल और पाइपलाइन लंबे समय से केवल शोपीस बनकर रह गए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक महीनों से नलों में पानी की आपूर्ति बंद है। हालात यह हैं कि गांव की महिलाएं और बच्चे रोजाना करीब एक किलोमीटर दूर जाकर सिर पर पानी ढोने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी पानी की समस्या बनी हुई थी, लेकिन उस समय भी रात के वक्त काफी मशक्कत के बाद एक-दो बाल्टी पानी ही मिल पाता था।
अब स्थिति और ज्यादा गंभीर हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। लोगों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर लगाए गए नल और पाइपलाइन ग्रामीणों के लिए किसी काम के साबित नहीं हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। उनका कहना है कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए भी अगर ग्रामीणों को भटकना पड़े तो योजनाओं की जमीनी हकीकत पर सवाल उठना स्वाभाविक है। फिलहाल बर्दिया टोला कुस्हवा में पानी का संकट लोगों की सबसे बड़ी परेशानी बना हुआ है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



