दैनिक समाज जागरण
सोनभद्र। केन्द्रीय स्वास्थ्य आसूचना ब्यूरो (सीबीएचआई), क्षेत्रीय कार्यालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार की उप निदेशक श्रीमती दीक्षा सचदेवा (आईएसएस) के नेतृत्व में मुख्य चिकित्साधिकारी सोनभद्र की अध्यक्षता में कार्यालय मुख्य चिकित्साधिकारी सभागार में सीबीएचआई रिपोर्टिंग से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप निदेशक श्रीमती दीक्षा सचदेवा ने उपस्थित ब्लॉक अधीक्षकों, प्रभारी चिकित्साधिकारियों एवं फार्मासिस्टों को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ चिकित्सालयों से प्राप्त रिपोर्टों में केवल मरीजों का नाम एवं आयु दर्ज की जा रही है, जबकि निदान (डायग्नोसिस) संबंधी विवरण अंकित नहीं किया जा रहा है। उन्होंने संचारी एवं गैर-संचारी रोगों से संबंधित आंकड़ों की शुद्ध एवं नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तर पर निर्धारित प्रारूप में सूचनाओं का संकलन कर राज्य स्तर पर प्रेषित किया जाए तथा तत्पश्चात जिला स्तर से सूचनाएं समयबद्ध रूप से भेजी जाएं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने निर्देशित किया कि सभी चिकित्सक ओपीडी पर्ची एवं ओपीडी रजिस्टर पर रोग का स्पष्ट निदान अंकित करना सुनिश्चित करें। साथ ही ओपीडी समाप्ति के पश्चात प्रतिदिन निदानवार सारांश भी रजिस्टर में दर्ज किया जाए।
बैठक में समस्त फार्मासिस्टों को निर्देशित किया गया कि वे ओपीडी रजिस्टर को प्रतिदिन की डायग्नोसिस रिपोर्ट के अनुसार व्यवस्थित करें, जिससे सीबीएचआई पोर्टल पर सही एवं गुणवत्तापूर्ण सूचनाएं प्रेषित की जा सकें।
बैठक में उप निदेशक श्रीमती दीक्षा सचदेवा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा, कनिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी अभिषेक सिंह एवं स्वाती सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं नोडल अधिकारी बीबीडी डॉ. प्रेम नाथ, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस. यादव, जिला मलेरिया अधिकारी धर्मेन्द्र नारायण श्रीवास्तव, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सूबेदार प्रसाद, जिला संयुक्त चिकित्सालय के डॉ. बी.के. श्रीवास्तव, डॉ. गणेश प्रसाद, जनपद के समस्त ब्लॉक अधीक्षक/प्रभारी चिकित्साधिकारी, फार्मासिस्ट तथा आईडीएसपी के डाटा मैनेजर आशीष कुमार कटारा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



