टीपर पलटने से सड़क पर बिखरी गिट्टी, हादसे के बाद चालक मौके से फरार; डायल 112 पुलिस ने घायल को पहुंचाया अस्पताल
समाज जागरण/ अनिल कुमार अग्रहरी
डाला/ सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के रानीताली स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने रविवार की शाम करीब पांच बजे रांग साइड से आ रहे एक ट्रेलर और टीपर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टीपर सड़क पर पलट गया और उसमें लदी पूरी गिट्टी सड़क पर बिखर गई। हादसे में ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि टीपर चालक मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब पांच बजे हाथीनाला की तरफ से रांग साइड में आ रहा ट्रेलर रानीताली एचपी पेट्रोल पंप के सामने डाला की ओर से आ रहे टीपर से सामने से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रेलर चालक अपने केबिन में बुरी तरह फंस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसा देखकर प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हाथीनाला की डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रेलर के केबिन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को अपनी ही गाड़ी से दुद्धी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की देखरेख में उपचार जारी है।
वहीं, टक्कर के बाद टीपर सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें लदी गिट्टी सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गई और आवागमन बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सड़क पर बिखरी गिट्टी और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण बाधित यातायात को खुलवाया। साथ ही दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाने की कार्रवाई की गई।
घायल ट्रेलर चालक की पहचान चकरिया, मारकुंडी बंधा निवासी 27 वर्षीय रिंकू कुशवाहा पुत्र रामसूरत कुशवाहा के रूप में बताई जा रही है। हादसे के बाद टीपर चालक के मौके से फरार होने को लेकर पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से केबिन में फंसे चालक को समय रहते बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा सका।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.