दैनिक समाज जागरण, संवाददाता
चांडिल : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पाटा टोल के समीप कथित रूप से अवैध कटिंग टाल खुलेआम संचालित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन टालों में दिन-रात लोहे, आयरन रॉड, लोहा-पत्थर, कोयला समेत विभिन्न सामग्रियों की कटिंग का कार्य किया जाता है, जबकि इनके संचालन की वैधता को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
बताया जाता है कि अधिकांश कटिंग टाल मुख्य सड़क के किनारे ही संचालित हैं और यहां 24 घंटे गतिविधियां जारी रहती हैं। इसके बावजूद अब तक संबंधित विभागों और पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खुलेआम चल रहे इन टालों की जानकारी प्रशासन को नहीं होना अपने आप में कई प्रश्न खड़े करता है।
ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का आरोप है कि ऐसे कटिंग टाल चोरी और अवैध कारोबार को बढ़ावा देने का माध्यम बन सकते हैं। आशंका जताई जा रही है कि वाहनों से चोरी किए गए लोहे व अन्य सामानों को यहां काटकर खपाया जा सकता है, जिससे चोरी की घटनाओं को बढ़ावा मिलने की संभावना बनी रहती है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन अवैध गतिविधियों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हो सकती है। उन्होंने जिला प्रशासन, खनन विभाग तथा पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर अवैध रूप से संचालित कटिंग टालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और चोरी की संभावित घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ऐसे अवैध कारोबार पर तत्काल कार्रवाई जरूरी है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले को लेकर क्या कदम उठाता है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



