बिराटनगर में इंडो–नेपाल जिला समन्वय समिति की चर्चा, सीमा सील करने सहित कई मुद्दों पर सहमति
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
भारत–नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा, समन्वय एवं आपसी सहयोग को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से इंडो–नेपाल जिला समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक नेपाल के बिराटनगर में आयोजित की गई। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई, जिसमें सीमा से जुड़े विभिन्न सुरक्षा, प्रशासनिक एवं समन्वयात्मक मुद्दों पर विस्तार से विचार–विमर्श किया गया।
बैठक में नेपाल में प्रस्तावित संसदीय चुनाव के मद्देनज़र 02 मार्च 2026 की मध्यरात्रि 12:00 बजे से 05 मार्च 2026 की मध्यरात्रि 12:00 बजे तक भारत–नेपाल सीमा को पूर्णतः सील रखने के विषय पर चर्चा की गई। दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा–पार आतंकवादी गतिविधियों की रोकथाम, अवांछनीय तत्वों पर नियंत्रण तथा संयुक्त एवं समन्वित कार्रवाई को प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया।
इसके अतिरिक्त हथियार, गोला–बारूद, विस्फोटक, मादक एवं मनोदैहिक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी, जाली मुद्रा के प्रचलन तथा अन्य सीमा–पार अपराधों की रोकथाम को लेकर सख्त एवं समन्वित कार्रवाई पर सहमति बनी। कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच नियमित खुफिया सूचनाओं के आदान–प्रदान को और अधिक सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में नो–मेन्स लैंड पर अतिक्रमण की जांच एवं रोकथाम, अनधिकृत मार्गों से वाहनों की आवाजाही के नियमन तथा सीमा क्षेत्र में आपसी समन्वय को मजबूत करने से जुड़े विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी विशाल राज ने नेपाल की ओर से आने वाले हाथियों के कारण सीमावर्ती क्षेत्रों में फसलों को होने वाली क्षति, सीमा क्षेत्र में अतिक्रमण तथा नो–मेन्स लैंड से जुड़े स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में जिला पदाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार तथा सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कमांडेंट सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। भारत की ओर से अररिया एवं सुपौल जिलों के जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधि तथा नेपाल की ओर से मोरंग, झापा एवं सुनसरी जिलों के मुख्य जिला अधिकारी (सीडीओ), सहायक सीडीओ एवं पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी शामिल हुए।
बैठक को भारत–नेपाल सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



