तीसरे चरण में 4 सीटों पर सांसदों से भिड़ेंगे नए चेहरे, लोकसभा के 5 सीटों पर बिहार में होगा मतदान

संसदीय सीट खगड़िया में दोनों गठबंधन ने नए चेहरे को बनाया उम्मीदवार

पटना/डा. रूद्र किंकर वर्मा।

सूबे में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत 7 मई को 5 सीटों पर मतदान होना है। कोसी के तीन सीट सुपौल , मधेपुरा, खगड़िया,सीमांचल के अररिया एवम मिथिलांचल के एक सीट झंझारपुर शामिल हैं वहां मतदान होना है। चार संसदीय सीट झंझारपुर, सुपौल, अररिया और मधेपुरा पर इंडी गठबंधन के बैनर तले पहली बार लोकसभा के रण में उतरे प्रत्याशी राजग के वर्तमान सांसदों को चुनौती देंगे।

अररिया
अररिया से पूर्व केंद्रीय गृहराज्य मंत्री तस्लीमुद्दीन के पुत्र पूर्व मंत्री जोकीहाट के विधायक शाहनवाज आई एन डी आई ए में शामिल राजद से पहली बार लोकसभा के चुनावी मैदान में उतरे हैं। शाहनवाज का मुकाबला भाजपा सांसद प्रदीप कुमार सिंह से होगा। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रदीप कुमार सिंह भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। सिंह की टक्कर राजद प्रत्याशी पूर्व केंद्रीय मंत्री तस्लीमुद्दीन से हुई थी। तस्लीमुद्दीन ने सिंह को मात दी। तस्लीमुद्दीन के निधन के बाद इस सीट पर वर्ष 2018 में उप चुनाव हुआ। उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रदीप सिंह का मुकाबला तस्लीमुद्दीन के दूसरे पुत्र राजद प्रत्याशी सरफराज आलम से हुआ। सिंह को हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रदीप सिंह ने सरफराज आलम को पराजित कर दिया। इस बार के चुनाव में प्रदीप सिंह की टक्कर सीमांचल के गांधी के नाम से मशहूर रहे मरहूम तस्लीमुद्दीन के सबसे छोटे साहबजादे राजद प्रत्याशी शाहनवाज आलम से है।
सुपौल
सुपौल संसदीय सीट पर आई एन डी आई ए में शामिल राजद प्रत्याशी सिंहेश्वर विधानसभा के विधायक चंद्रहास चौपाल पहली बार लोकसभा में किस्मत आजमा रहे हैं। चौपाल की टक्कर जदयू के मौजूदा सांसद दिलकेश्वर कामत से है।
मधेपुरा
मधेपुरा संसदीय सीट से भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय मधेपुरा के संस्थापक कुलपति रहे पूर्व सांसद डॉ. रमेन्द्र कुमार यादव रवि के पुत्र और संविधान सभा के सदस्य कमलेश्वरी प्रसाद यादव के पौत्र कुमार चंद्रदीप मधेपुरा सीट से पहली बार राजद के टिकट पर चुनावी रण में उतरे हैं। चंद्रदीप
की चुनावी टक्कर जदयू सांसद दिनेशचंद्र यादव से है।
खगड़िया
खगड़िया में दोनों गठबंधन ने नए चेहरे को बनाया उम्मीदवार
उतारे हैं। राजग के घटक दल लोजपा (रामविलास) के टिकट पर राजेश वर्मा पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।वर्मा वर्ष 2017 में भागलपुर के डिप्टी मेयर थे। इंडी गठबंधन में सीटों में तालमेल के तहत खगड़िया सीट माकपा को मिली है। माकपा से पूर्व विधायक योगेन्द्र सिंह के पुत्र और विभूतिपुर के विधायक अजय कुमार के भाई संजय कुमार मैदान में हैं।
झंझारपुर
इस सीट पर आई एन डी आई ए में शामिल विकासशील इंसान पार्टी के उम्मीदवार सुमन महासेठ पहली बार लोकसभा के रण में उतरे हैं। महासेठ वर्तमान सांसद रामप्रीत मंडल से मुकाबला करेंगे।