google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

काजीसराय भट्ठा–सुतबलपुर मार्ग पर अधूरा पड़ा निर्माण, धूल और गिट्टी से परेशान राहगीर व दुकानदार

समाज जागरण अनिल कुमार
हरहुआ वाराणसी।
काजीसराय भट्ठा के समीप से सूतबलपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर रोड चौड़ीकरण का काम शुरू हुए एक महीना बीत चुका है, लेकिन सड़क आज भी अधूरी पड़ी है। निर्माण कार्य के नाम पर सिर्फ पुरानी सड़क उखाड़ दी गई और उस पर गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया। इसके कारण प्रतिदिन हजारों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

यह मार्ग सूतबलपुर, भौमी, इंद्र्वार, वीरापट्टी, मोहनपुर, बालीपुर, गढ़वा, नारायणपुर तथा चंदीपट्टी आदि गांवों को बाबतपुर एयरपोर्ट, वाराणसी और जौनपुर से जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क उखाड़े जाने के बाद से यात्रा बेहद दिक्कत भरी हो गई है। जगह–जगह गड्ढे, ढीली गिट्टी और धूल के कारण वाहनों का चलना मुश्किल हो चुका है। दोपहिया वाहनों के फिसलने की घटनाएं भी बढ़ रही हैं।
धूल की समस्या ने लोगों का जीवन और कठिन बना दिया है। सड़क पर गिट्टी डालने के बाद दिन-रात उड़ने वाली धूल से राहगीर, छात्र, बुजुर्ग और व्यापारी सभी परेशान हैं। सड़क किनारे की दुकानों की स्थिति और भी खराब है। दुकानदारों का कहना है कि धूल की मोटी परत उनके खाद्य पदार्थों और सामान पर जम जाती है, जिससे ग्राहक खरीदारी करने से कतराने लगे हैं।
स्थानीय दुकानदार बाबा यादव, पंकज सेठ, मनोज पटेल, चंद्रमा पटेल सहित अन्य लोगो ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण की बात कहकर महीनो पहले काम शुरू हुआ, लेकिन इसके बाद से कोई मजदूर या मशीन दिखाई नहीं दी। उनकी रोजी-रोटी पर असर पड़ रहा है, क्योंकि धूल और अव्यवस्था के कारण ग्राहक दुकानों के सामने रुकना भी नहीं चाहते।
ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी और संबंधित विभागीय अधिकारियों से जल्द से जल्द सड़क निर्माण पूरा करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य में और देर हुई, तो आने वाले दिनो में स्थिति और बदतर हो जाएगी। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान न होने पर वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)