समाज जागरण ब्यूरो, पटना।
पटना। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर राजधानी पटना के एजी कॉलोनी स्थित आर.सी. सेंट्रल स्कूल के तत्वावधान में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद एवं राष्ट्र सेविका समिति दक्षिण बिहार प्रांत की सह कार्यवाहिका निवेदिता सिन्हा ने दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश कुमार मिश्र ने दोनों अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका अमृता सिन्हा ने किया, जबकि अतिथियों का परिचय ज्योति कुमारी ने कराया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सार्थक श्रीवास्तव के नेतृत्व में योग की विभिन्न मुद्राओं का प्रभावशाली प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्र सेविका समिति की सह कार्यवाहिका निवेदिता सिन्हा ने कहा कि विद्यालय द्वारा आयोजित यह पहल अत्यंत सराहनीय है। योग न केवल शारीरिक स्फूर्ति बढ़ाता है, बल्कि व्यक्ति को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा भी देता है।
मुख्य अतिथि एवं सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद ने कहा कि “मन, आत्मा और शरीर को जोड़ने का सशक्त माध्यम योग है। योग भारत की प्राचीन परंपरा है, जिसके माध्यम से ऋषि-महर्षियों ने स्वयं को स्वस्थ रखा और समाज को भी स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज 200 से अधिक देश योग को बढ़ावा दे रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि “करें योग, रहें निरोग” केवल एक नारा नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है। उन्होंने विद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि योग को पाठ्यक्रम में शामिल कर स्कूल ने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। बच्चों के चेहरे पर दिखाई देने वाला उत्साह और ऊर्जा इस बात का प्रमाण है कि योग उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षक शिव कुमार साहू ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आगमन से योग दिवस समारोह की गरिमा और बढ़ गई है।
इस अवसर पर सरिता कुमारी, ऋचा तिवारी, दीक्षा कुमारी, नरेश प्रसाद, धर्मेन्द्र कुमार सुधांशु, गुंजा सिंह, मधु कुमारी, शिवम कुमार मिश्र, रचना झा, उपेन्द्र कुमार पाण्डेय सहित राष्ट्र सेविका समिति की बहनों एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अंत में शांति मंत्र के उच्चारण एवं जलपान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
InternationalYogaDay #YogaDay2026 #Patna #BiharNews #YogaForHealth
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



